
यूपी के देवरिया जिले में एक अनोखी बारात देखने को मिली, जिसने पुरानी परंपराओं की याद ताजा कर दी. देवरिया की ये बारात किसी लग्जरी कार, घोड़ा, हाथी में नहीं बल्कि बैलगाड़ी से रवाना हुई. इस बारात को जिसने भी देखा देखता ही रह गया. सोशल मीडिया पर भी इस बैलगाड़ी वाली बारात का वीडियो खूब वायरल हो रहा है.
यह बारात देवरिया जिले के कुशहरी गांव से पकड़ी बाजार जा रही थी, जिसकी दूरी 35 किलोमीटर थी. लेकिन बरसात के मौसम में भी इस बारात को देखने के लिए लोग घरों से बाहर निकल रहे थे.
| Deoria: Groom & the ‘baratis’ rode bullock-carts to reach wedding venue in Pakri Bazar from his home in Kushari village, a distance of 35-km today
— ANI UP (@ANINewsUP)
“I wanted to show people how our ancestors used to take out wedding processions & perform weddings,” said groom Chhote Lal
इस बारात में बैलगाड़ियों का काफिला का देखा गया. बैलगाड़ी पर ही दूल्हा और बाराती सवार रहे. बारात में डीजे की जगह लोग फरुआही लोकनृत्य पर थिरकते दिखे. इस अनोखी बारात को लोग अपने मोबाइल कैमरे में कैद करते नजर आए.

दूल्हे छोटे लाल पाल का कहना है कि मैंने सोच रखा था कि जब मेरी शादी होगी तो बैलगाड़ी से अपनी बारात ले जाऊंगा ताकि पुरानी परंपरा को आज के दौर में लोग देख व समझ सकें. गाड़ियों की वजह से यह परंपरा ख़त्म हो रही है, मैं लोगों को पुरानी परंपरा के बारे में भी बता रहा हूं. छोटे लाल मुंबई में फिल्मों की शूटिंग टीम में काम करते हैं.
इस बारात में एक दर्जन बैलगाड़ियां थीं, जो बारिश से बचाव के लिए प्लास्टिक से कवर की गई थीं. बारातियों का कहना है कि एक तो यह हमारी पुरानी परंपरा है, दूसरी आज डीजल-पेट्रोल के दाम आसमान छू रहे हैं, ऐसे में हम महंगाई के खिलाफ भी संदेश दे रहे हैं.