उत्तर प्रदेश नगर निकाय चुनाव में फर्जी मतदान रोकने के लिए बीजेपी ने राज्य चुनाव आयोग से पर्दानशीं महिला मतदाताओं के सत्यापन की मांग की है. राज्य निर्वाचन आयोग को खत लिखकर कहा कि पर्दानशीं महिला मतदाताओं के सत्यापन के लिए बूथ पर महिला सुरक्षाकर्मी या महिला चुनावकर्मी की तैनाती की जाए.
बीजेपी प्रदेश उपाध्यक्ष और प्रदेश चुनाव प्रभारी जेपीएस राठौर, बीजेपी चुनाव संपर्क प्रमुख एडवोकेट अखिलेश कुमार अवस्थी और अशोक द्विवेदी ने सहायक निर्वाचन आयुक्त जेपी सिंह मिलाकर यह मांग की. साथ ही मुख्य निर्वाचन आयुक्त को संबोधित शिकायती पत्र भी सौंपा.
बीजेपी का कहना है कि के दूसरे और तीसरे चरण में पर्दानशीं महिला मतदाताओं के संदेह की स्थिति में महिला सुरक्षाकर्मियों द्वारा सत्यापन की मांग की गई है. जेपीएस राठौर के नेतृत्व में सहायक निर्वाचन आयुक्त से मिलने पहुंचे बीजेपी प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि पारदर्शी चुनाव व्यवस्था और फर्जी मतदान रोकने के लिए पर्दानशीं महिला मतदाताओं के सत्यापन के लिए महिलाकर्मियों की बूथ पर तैनाती बेहद जरूरी है.

इस दौरान बीजेपी ने निर्वाचन आयोग के समक्ष बीएलओ की ओर से मतदान पर्चियों का वितरण सही ढंग से न होने और संबंधित अधिकारियों द्वारा मतदाता पर्टी बांटने की समीक्षा न करने के मामले भी उठाए. बीजेपी ने मांग की कि निकाय चुनाव के आगामी चरणों में मतदाता पर्ची हर घर तक पहुंचाने की समुचित व्यवस्था की जाए. साथ ही इसकी समीक्षा की जाए, ताकि मतदान प्रतिशत में इजाफा हो सके.
मालूम हो कि बुधवार को , 71 नगर पालिका और 154 नगर पंचायतों में मेयर, अध्यक्ष, पार्षद और सभासद पदों के लिए मतदान हुए थे. पहले चरण के मतदान के लिए 3,732 मतदान केंद्र और 11679 मतदान स्थल बनाए गए थे. अब दूसरे चरण की वोटिंग 26 नवंबर और तीसरे चरण के लिए 29 नवंबर को मतदान होंगे. दूसरे चरण में राज्य के 25 जिलों के मतदाता वोटिंग करेंगे, जबकि तीसरे चरण में 26 जिलों में वोटिंग होगी. इसके परिणाम एक दिसंबर को आएंगे. पहले चरण में करीब 52 फीसदी वोटिंग हुई थी.