हैदराबाद से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. जहां एक पुलिस सब-इंस्पेक्टर (एसआई) ने अपनी 6 साल की पोती को सार्वजनिक सड़क पर कार चलाने की अनुमति दे दी. घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने संबंधित अधिकारी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
एसआई ने पोती को ड्राइविंग सीट पर बैठाकर चलवाई कार
जानकारी के मुताबिक यह घटना 11 जुलाई की शाम करीब पांच बजे शहर के बाहरी इलाके में स्थित गंधमगुडा-बैरागीगुडा रोड पर हुई. आरोप है कि हैदराबाद पुलिस में तैनात सब-इंस्पेक्टर पुजारी तिरुपति ने अपनी कार की ड्राइविंग सीट पर छह वर्षीय पोती को बैठाकर वाहन चलाने दिया. यह सड़क सार्वजनिक आवाजाही के लिए खुली थी, ऐसे में बच्ची द्वारा कार चलाने से सड़क पर मौजूद अन्य लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती थी.
मामले की जानकारी मिलने के बाद नरसिंगी पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए आरोपी एसआई के खिलाफ केस दर्ज कर लिया. पुलिस का कहना है कि नाबालिग को वाहन चलाने की अनुमति देना कानून का उल्लंघन है और इससे गंभीर सड़क हादसा हो सकता है.
एसआई पर इन धाराओं में दर्ज हुई FIR
पुलिस ने सब-इंस्पेक्टर पुजारी तिरुपति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 125 के अलावा मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 और 180 के तहत मामला दर्ज किया है. इन धाराओं के तहत लापरवाही से लोगों की जान जोखिम में डालने और नाबालिग को वाहन चलाने की अनुमति देने जैसे आरोप शामिल हैं.
नरसिंगी पुलिस ने बयान जारी कर कहा कि मामले की जांच जारी है. घटना से जुड़े सभी तथ्यों की पड़ताल की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इस घटना ने सड़क सुरक्षा नियमों के पालन और जिम्मेदार पदों पर बैठे लोगों की जवाबदेही को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.