भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश की खाली हुई राज्यसभा सीट के लिए अपने उम्मीदवार की घोषणा कर दी है. केंद्र और यूपी में सत्तारूढ़ बीजेपी इस सीट से कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह पुरी को अपना उम्मीदवार बनाएगी.
यह सीट पूर्व केंद्रीय रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर के गोवा के मुख्यमंत्री बनने के बाद खाली हुई थी. इस सीट का कार्यकाल नवंबर 2020 यानी करीब तीन साल तक का ही है, इसलिए इस सीट के लिए कोई अपनी उम्मीदवारी नहीं जता रहा था.
Union Minister Hardeep Singh Puri to be BJP's Rajya Sabha candidate from Uttar Pradesh (File picture)
— ANI (@ANI)
उत्तर प्रदेश की इस सीट पर दिल्ली की तीन सीटों और सिक्किम की एक सीट के लिए पांच जनवरी तक उम्मीदवार नामांकन दाखिल कर सकते हैं. उम्मीदवार आठ जनवरी तक अपना नाम वापस ले सकते हैं. 16 जनवरी को पांचों सीटों पर चुनाव होगा. यह चुनाव सुबह नौ बजे से शुरू होकर शाम चार बजे तक चलेगा. इसके बाद शाम पांच बजे से वोटों की गिनती शुरू होगी.
हरदीप सिंह पुरी एनडीए सरकार में केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री हैं. भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति के सचिव जेपी नड्डा ने शनिवार को बताया कि पुरी को उत्तर प्रदेश की एक राज्यसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए पार्टी का उम्मीदवार बनाया गया है.
आपको बता दें कि कुछ महीने पहले हुए कैबिनेट फेरबदल और विस्तार में पूर्व आईएफएस अधिकारी हरदीप सिंह पुरी को मोदी सरकार में मंत्री बनाया गया था.
उत्तर प्रदेश में आगामी अप्रेल में 10 सीटों के लिए चुनाव होगा. इनमें से बीजेपी के लिए आठ सीटों पर जीत लगभग तय मानी जा रही है.