scorecardresearch
 

'सिर में डंडा मारा, चेहरा नोचा', राहुल गांधी के साथ आए NSUI प्रदर्शनकारियों का पुलिस पर टॉर्चर का आरोप

राहुल गांधी के साथ आए NSUI के प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर टॉर्चर करने का आरोप लगाया है. प्रदर्शनकारियों का दावा है कि हिरासत के दौरान उनके साथ मारपीट की गई. उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने एक प्रदर्शनकारी के सिर पर डंडा मारा और चेहरे को नोंचा.

Advertisement
X
Rahul Gandhi Press Conference With NSUI Protester Caption : राहुल गांधी ने NSUI प्रदर्शनकारियों के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस की. (Photo-X/@ANI)
Rahul Gandhi Press Conference With NSUI Protester Caption : राहुल गांधी ने NSUI प्रदर्शनकारियों के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस की. (Photo-X/@ANI)

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दिल्ली पुलिस पर प्रदर्शनकारी छात्रों के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है. उन्होंने दावा किया कि चुनावी वोटर लिस्ट में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिए गए यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को बेरहमी से पीटा गया. राहुल गांधी ने बुधवार को घायल प्रदर्शनकारियों के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस की. इस दौरान उन्होंने केरल की एक छात्रा अथिरा का जिक्र किया. राहुल गांधी के मुताबिक, पुलिस की कथित पिटाई के बाद अथिरा की एक कान से सुनने की क्षमता चली गई है.

राहुल गांधी बोले- एक कान से सुन नहीं पा रही छात्रा

राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि केरल की अथिरा अब एक कान से सुन नहीं पा रही हैं. उन्होंने दावा किया कि पुलिस ने उनके कान पर चोट मारी, जिसके बाद उनकी सुनने की क्षमता प्रभावित हुई. राहुल गांधी ने कहा कि इससे पहले उन्होंने एक ऐसे लड़के को दिखाया था, जिसकी एक आंख की रोशनी चली गई थी. अब एक छात्रा के एक कान से सुनने की क्षमता जाने का मामला सामने आया है.

दिल्ली यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाली अथिरा केरल की रहने वाली हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि मंगलवार को प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिए जाने के बाद पुलिस बस के अंदर उनके साथ मारपीट की गई. अथिरा के मुताबिक, जब उन्हें हिरासत में लिया गया, तब बस में कोई महिला पुलिसकर्मी मौजूद नहीं थी.

Advertisement

उन्होंने बताया कि उन्होंने पुलिसकर्मियों से पूछा कि बस में महिला पुलिस अधिकारी या महिला कॉन्स्टेबल कहां है. अथिरा ने कहा कि अगर पुलिस किसी महिला को हिरासत में ले रही है, तो वहां कम से कम एक महिला कॉन्स्टेबल का होना जरूरी है.

कोंट प्लेस थाने के बाहर पीटने का आरोप

अथिरा ने आरोप लगाया कि सवाल पूछने के बाद पुलिस की बस आगे बढ़ी और कोंट प्लेस पुलिस स्टेशन के बाहर जाकर रुकी. उन्होंने दावा किया कि वहां पुलिसकर्मियों ने उनके गाल पर बार-बार मारा. अथिरा के मुताबिक, इस मारपीट के कारण उनकी आंख में चोट आई और कान को नुकसान पहुंचा.
दरअसल, यह प्रदर्शन वोटर लिस्ट में कथित गड़बड़ियों के विरोध में किया गया था. इस दौरान कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया. अब राहुल गांधी और प्रदर्शनकारी छात्रों ने पुलिस पर मारपीट और दुर्व्यवहार के आरोप लगाए हैं. हालांकि, इन आरोपों पर दिल्ली पुलिस का पक्ष सामने आने के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी.

 'मोदी, अमित शाह से लेकर पुलिस कॉन्स्टेबल तक, सबको सजा दिलाएंगे'

राहुल गांधी ने कहा कि वोटर लिस्ट में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ प्रदर्शन करने वाले छात्रों की आवाज पूरे भारत की आवाज है. इस आवाज के खिलाफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह खड़े हैं. राहुल गांधी ने पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की चेतावनी देते हुए कहा कि छात्रों से मारपीट के सबूत के तौर पर वीडियो रिकॉर्ड करके उन्हें भेजने को कहा गया है. मामला खत्म होने के बाद इन सबूतों का इस्तेमाल किया जाएगा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, ज्ञानेश कुमार, अमित शाह से लेकर उन कॉन्स्टेबल तक को सजा दिलाने की कोशिश की जाएगी, जिन्होंने छात्रों पर हाथ उठाया है. राहुल गांधी ने कहा कि इस प्रदर्शन में न कोई हिंदू है, न मुसलमान, न कोई खास जाति, न महिला और न पुरुष, बल्कि यह भारत की एक आवाज है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement