होली की रंग-अबीर के बीच मध्य प्रदेश में एक बार फिर सियासी संकट पैदा हो गया है. वरिष्ठ कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थक 16 कांग्रेस विधायक बेंगलुरु पहुंच गए हैं. निर्भया गैंगरेप केस के चार दोषियों में से एक विनय शर्मा ने फांसी की सजा को उम्रकैद में बदलने की मांग की है. ईरान में कोरोना वायरस के खौफ से जूझ रहे भारतीयों के रेस्क्यू के लिए सरकार वायुसेना के विमान C-17 ग्लोबमास्टर को आज रात तेहरान भेज रही है. ये विमान रात को 8 बजे तेहरान के लिए उड़ान भरेगा. ईरान में कोरोना वायरस काफी खतरनाक हो गया है. पढ़ें सोमवार शाम की 5 बड़ी खबरें.
1.
होली की रंग-अबीर के बीच मध्य प्रदेश में एक बार फिर सियासी संकट पैदा हो गया है. वरिष्ठ कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थक 16 कांग्रेस विधायक बेंगलुरु पहुंच गए हैं. रिपोर्ट के मुताबिक जो 16 विधायक बेंगलुरु पहुंचे हैं उनमें 6 मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री भी हैं. इससे पहले समाचार एजेंसी पीटीआई ने रिपोर्ट थी कि सिंधिया 16 विधायकों के साथ लापता हैं.
2.
निर्भया गैंगरेप केस के चार दोषियों में से एक विनय शर्मा ने फांसी की सजा को उम्रकैद में बदलने की मांग की है. इस संबंध में दोषी के वकील एपी सिंह ने दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल के समक्ष अर्जी दाखिल की है. जाहिर है दिल्ली की एक अदालत ने चारों दोषियों को 20 मार्च को फांसी पर चढ़ाने का आदेश दिया है. बता दें, इससे पहले दोषी पवन गुप्ता ने भी सुप्रीम कोर्ट में क्यूरेटिव याचिका दाखिल कर फांसी की सजा को उम्रकैद में बदलने की मांग की थी. जिसे बाद में खारिज कर दी गई.
3.
ईरान में कोरोना वायरस के खौफ से जूझ रहे भारतीयों के रेस्क्यू के लिए सरकार वायुसेना के विमान C-17 ग्लोबमास्टर को आज रात तेहरान भेज रही है. ये विमान रात को 8 बजे तेहरान के लिए उड़ान भरेगा. ईरान में कोरोना वायरस काफी खतरनाक हो गया है. कोरोना वायरस से सोमवार को ही 43 मौतें दर्ज की गई हैं.
4.
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा की एक चिट्ठी सामने आई है जिससे उनके पिता राजीव गांधी का पोट्रेट येस बैंक के संस्थापक राणा कपूर को 2 करोड़ रुपये में बेचे जाने की पुष्टि होती है. ये पोट्रेट प्रख्यात पेंटर एमएफ हुसैन ने बनाकर राजीव गांधी को 1985 में भेंट की थी. प्रियंका गांधी ने यह चिट्ठी 4 जून 2010 को राणा कपूर को लिखी थी. इस चिट्ठी की प्रति आजतक (इंडिया टुडे) के पास उपलब्ध है. चिट्ठी में लिखा गया है, 'श्री एमएफ हुसैन का पेंट किया मेरे पिता श्री राजीव गांधी का पोट्रेट खरीदने के लिए आपका शुक्रिया. ये पोट्रेट 1985 में कांग्रेस के शताब्दी समारोह के दौरान उन्हें (राजीव गांधी) को भेंट किया गया था. ये मेरे स्वामित्व में मेरे पास मौजूद था.'
5.
अफगानिस्तानी राष्ट्रपति अशरफ गनी को सोमवार को दूसरे कार्यकाल के लिए शपथ दिलाई गई. हालांकि, शीर्ष पद के लिए अशरफ गनी के मुख्य प्रतिद्वंद्वी ने उनके शपथ को वैध मानने से इनकार करते हुए ठीक उसी वक्त एक अलग समारोह में राष्ट्रपति पद की शपथ ले ली. अफगानिस्तान के स्थानीय चैनल TOLONews के मुताबिक, काबुल स्थित राष्ट्रपति भवन में आयोजित हुए गनी के शपथ समारोह में अमेरिका के विशेष राजदूत जालमे खालिजाद और अमेरिकी-नाटो सेना कमांडर जनरल स्कॉट मिलकर समेत अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों भी मौजूद रहे.