scorecardresearch
 

पंजाब: अंतिम संस्कार से लौट रहे परिवार पर टूटा कहर, सड़क हादसे में 9 लोगों की मौत

पंजाब के फिरोजपुर-फाजिल्का रोड पर जंगा वाले मोड़ के पास शनिवार सुबह महिंद्रा पिकअप और घोड़ा ट्रॉली (डीसीएम ट्रक) की टक्कर में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए. पिकअप में सवार करीब 25 लोग एक बुजुर्ग महिला के अंतिम संस्कार के बाद फूल विसर्जन के लिए जा रहे थे.

Advertisement
X
घटना के बाद परिजनों का है रो-रोकर बुरा हाल. (Photo: Screengrabs)
घटना के बाद परिजनों का है रो-रोकर बुरा हाल. (Photo: Screengrabs)

पंजाब के फिरोजपुर जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं. फिरोजपुर-फाजिल्का रोड पर जंगा वाले मोड़ के पास महिंद्रा पिकअप और घोड़ा ट्रॉली (डीसीएम ट्रक) के बीच हुई भीषण टक्कर में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और घटनास्थल पर चीख-पुकार का माहौल बन गया.

जानकारी के अनुसार जलालाबाद क्षेत्र से एक परिवार और उसके रिश्तेदारों समेत करीब 25 लोग महिंद्रा पिकअप वाहन में सवार होकर एक बुजुर्ग महिला के अंतिम संस्कार के बाद फूल विसर्जन के लिए जा रहे थे. सुबह तड़के जब उनका वाहन फिरोजपुर-फाजिल्का रोड पर गांव हुसैनशाह वाला के पास जंगा वाले मोड़ के नजदीक पहुंचा, तभी सामने से आ रही घोड़ा ट्रॉली से उसकी टक्कर हो गई.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे में कई लोग वाहन के अंदर ही फंस गए. स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस और राहत टीमों ने घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया.

हादसे में शुरुआती तौर पर 4 लोगों की मौत की सूचना मिली थी, लेकिन बाद में मृतकों की संख्या बढ़कर 9 हो गई. मृतकों में पुरुष और महिलाएं दोनों शामिल हैं. वहीं एक दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं. गंभीर रूप से घायल 13 लोगों को बेहतर इलाज के लिए फरीदकोट मेडिकल कॉलेज एवं अन्य अस्पतालों में रेफर किया गया है, जहां उनका उपचार जारी है.

Advertisement

घटना पर एसएसपी का भी आया बयान
घटना की जानकारी मिलते ही फिरोजपुर के एसएसपी भूपिंदर सिंह पुलिस अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया. उन्होंने बताया कि पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है. प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और सड़क की स्थिति को भी दुर्घटना के संभावित कारणों में शामिल माना जा रहा है.

हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. स्थानीय लोगों ने बताया कि फिरोजपुर-फाजिल्का रोड पर पहले भी कई गंभीर सड़क हादसे हो चुके हैं. लोगों ने सरकार से इस सड़क को चौड़ा करने और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement