scorecardresearch
 

850 KM दूर बिहार से 20 साल छोटे प्रेमी के लिए लखीमपुर पहुंची तीन बच्चों की मां, मासूमों की मिन्नतों से भी नहीं पिघला दिल 

इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती बिहार की 38 वर्षीय महिला को करीब 850 KM दूर उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी ले आई. महिला अपने से 20 साल छोटे 18 वर्षीय युवक के साथ रहने पहुंच गई. पति और तीनों बच्चों ने पुलिस की मौजूदगी में उसे घर लौटने की काफी मिन्नतें कीं, लेकिन उसने साफ कह दिया कि अब वह वापस नहीं जाएगी. यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है.

Advertisement
X
महिला ने पति और बच्चों के पास जाने से मना कर दिया है (Photo: ITG)
महिला ने पति और बच्चों के पास जाने से मना कर दिया है (Photo: ITG)

कभी फिल्मों में दिखने वाली प्रेम कहानियां अब सोशल मीडिया की स्क्रीन पर लिखी जा रही हैं. फॉलो, लाइक और फिर डायरेक्ट मैसेज से शुरू हुई दोस्ती कब प्यार में बदल जाए, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है. लेकिन उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी से सामने आई एक कहानी ने लोगों को हैरानी में डाल दिया है. यहां इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती ने एक ऐसा मोड़ लिया कि बिहार की रहने वाली 38 वर्षीय महिला अपने पति और तीन बच्चों को छोड़कर करीब 850 किलोमीटर दूर लखीमपुर खीरी पहुंच गई. वजह थी 18 वर्षीय युवक से प्यार.

सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि जब पति तीनों बच्चों को लेकर उसे मनाने पहुंचा, बच्चे मां से लिपटकर घर चलने की गुहार लगाते रहे और पुलिस ने घंटों समझाया, तब भी महिला का फैसला नहीं बदला. उसने साफ शब्दों में कह दिया कि अब वह किसी भी हालत में वापस नहीं जाएगी. जानकारी के अनुसार बिहार निवासी प्रद्युम्न की शादी करीब 15 वर्ष पहले सुमन कुमारी उर्फ लवली (38) से हुई थी. परिवार में 14 , 8  और 6 साल के तीन भी बच्चे हैं सुमन घर पर रहकर सोशल मीडिया के लिए रील्स बनाती थी. इसी दौरान करीब छह महीने पहले इंस्टाग्राम पर उसकी पहचान लखीमपुर खीरी के नीमगांव थाना क्षेत्र के रहने वाले 18 वर्षीय पवन से हुई. पवन हरियाणा के सोनीपत में एक कंपनी में काम करता था. शुरुआत सामान्य बातचीत से हुई. फिर चैटिंग का सिलसिला बढ़ा, वीडियो कॉल होने लगे और धीरे-धीरे दोनों एक-दूसरे के करीब आ गए. सोशल मीडिया पर शुरू हुई यह दोस्ती जल्द ही प्रेम संबंध में बदल गई.

Advertisement

तीन महीने पहले घर छोड़कर पहुंच गई थी सोनीपत

बताया जा रहा है कि करीब तीन महीने पहले सुमन अपने पति और बच्चों को बिना बताए घर छोड़कर सीधे सोनीपत पहुंच गई, जहां पवन नौकरी करता था. दोनों कुछ समय तक साथ रहे. लेकिन प्रेम कहानी यहां भी ज्यादा दिनों तक शांत नहीं रह सकी. आरोप है कि सुमन की दूसरे युवकों से फोन पर बातचीत को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया. बात इतनी बढ़ी कि पवन उसे छोड़कर अपने गांव लखीमपुर खीरी लौट आया. कहते हैं कि प्यार दूरी नहीं देखता. इस मामले में भी कुछ ऐसा ही हुआ. पवन के गांव लौटने के कुछ दिन बाद सुमन भी उसका पीछा करते हुए करीब 850 किलोमीटर का सफर तय कर लखीमपुर खीरी पहुंच गई. जब पवन के परिवार को इस पूरे मामले की जानकारी हुई तो गांव में पंचायत बुलाई गई. मामला बढ़ता देख ग्राम प्रधान ने पुलिस को सूचना दी.

बिहार से बच्चों को लेकर पहुंचा पति

इधर सूचना मिलने पर सुमन का पति प्रद्युम्न भी अपने तीनों बच्चों को लेकर बिहार से लखीमपुर खीरी पहुंच गया. गांव में दो दिनों तक परिवार और ग्रामीणों ने महिला को समझाने की कोशिश की. बाद में मामला नीमगांव थाने पहुंचा, जहां पूरे दिन पुलिस और स्थानीय संभ्रांत लोगों ने दोनों पक्षों से बातचीत की. थाने का सबसे भावुक दृश्य तब देखने को मिला, जब तीनों बच्चे अपनी मां से घर लौटने की गुहार लगाने लगे. पति ने भी परिवार बचाने की अपील की. मौजूद लोगों ने भी बच्चों के भविष्य का हवाला देकर महिला को समझाने का प्रयास किया. लेकिन इन सबके बावजूद महिला अपने फैसले पर अडिग रही.

Advertisement

अब वापस नहीं जाऊंगी

महिला ने साफ कहा कि वह अब अपने पति के साथ नहीं जाएगी. उसका आरोप है कि उसका पति कोई काम नहीं करता था और परिवार की जिम्मेदारी उसी पर थी. महिला का कहना है कि बच्चे उसके हैं, इसलिए अब उनकी जिम्मेदारी उनके पिता उठाएं. उसने स्पष्ट कर दिया कि वह अपने पुराने परिवार के पास लौटने के बजाय अपने नए जीवन को चुनना चाहती है. उधर 18 वर्षीय पवन का कहना है कि इंस्टाग्राम पर दोस्ती के दौरान उसे यह नहीं बताया गया था कि सुमन शादीशुदा है और उसके तीन बच्चे भी हैं. पवन के मुताबिक, उसे बाद में इस सच्चाई की जानकारी मिली. इसके बाद दोनों के बीच विवाद भी हुआ. हालांकि महिला फिर भी उसका पीछा करते हुए उसके गांव तक पहुंच गई.

गांव से लेकर सोशल मीडिया तक चर्चा

यह मामला अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है. गांव में पंचायत से लेकर सोशल मीडिया तक लोग इस प्रेम कहानी पर अलग-अलग राय दे रहे हैं. कोई इसे सोशल मीडिया की बढ़ती लत का नतीजा बता रहा है तो कोई इसे व्यक्तिगत निर्णय मान रहा है. इंस्टाग्राम पर शुरू हुई यह कहानी अब पुलिस, पंचायत और पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन चुकी है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement