आखिरकार बेबी बॉस वैभव सूर्यवंशी को मिल गई वह पोजीशन, जिसका इंतजार था. न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टी20 मुकाबले में वैभव ओपनिंग करने उतरेंगे. खास बात यह है कि इस फैसले के संकेत मैच से एक दिन पहले ही मिलने लगे थे. प्रैक्टिस सेशन के दौरान हेड कोच गौतम गंभीर के हाथ में बल्ला था और वैभव की नजरें उसी पर टिकी थीं. वहीं, संजू सैमसन पास में चुपचाप खड़े दिखाई दिए थे.
उस तस्वीर ने तभी से अटकलों को हवा दे दी थी कि टीम इंडिया में बल्लेबाजी क्रम को लेकर कुछ बड़ा होने वाला है. क्या वैभव को उनकी पसंदीदा ओपनिंग पोजीशन पर उतारने की तैयारी चल रही है? अब तीसरे टी20 में वैभव और अभिषेक शर्मा की जोड़ी पारी की शुरुआत करने पहुंची, तो इन अटकलों को विराम मिल गया.
गंभीर के इशारे को समझिए!
प्रैक्टिस सेशन की तस्वीर सामने आने के बाद से ही चर्चा थी कि टीम मैनेजमेंट वैभव को ओपनिंग में उतारने पर विचार कर रहा है. अब मैदान पर लिए गए फैसले ने साफ कर दिया कि वैभव को शीर्ष क्रम में मौका दिया गया है. उनके साथ अभिषेक शर्मा पारी की शुरुआत करेंगे.
संजू सैमसन का क्या होगा?
वैभव के ओपनिंग में आने के साथ संजू सैमसन के बल्लेबाजी क्रम में बदलाव की योजना है. उन्हें तीसरे नंबर पर उतारा जा सकता है. ऐसे में टीम इंडिया के शीर्ष क्रम में नई व्यवस्था देखने को मिलेगी. अब नजरें इस बात पर रहेंगी कि वैभव अपनी पसंदीदा पोजीशन पर उतरकर कैसा प्रदर्शन करते हैं.
डेरिल मिचेल का तूफान, न्यूजीलैंड ने भारत को दिया 199 रनों का टारगेट
वेलिंगटन में तीसरे टी20 मुकाबले में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 3 विकेट पर 198 रन बनाए. डेरिल मिचेल ने नाबाद 89 रनों की विस्फोटक पारी खेली. उन्होंने 52 गेंदों का सामना करते हुए 5 छक्के और 5 चौके लगाए.
फिन एलन ने भी न्यूजीलैंड को तेज शुरुआत दिलाई. उन्होंने 25 गेंदों पर 40 रन बनाए, जिसमें 5 छक्के शामिल रहे. भारतीय गेंदबाजों में अर्शदीप सिंह ने सबसे किफायती प्रदर्शन करते हुए 33 रन देकर 1 विकेट लिया.
अब भारत को यह मुकाबला जीतने के लिए 199 रन बनाने होंगे.
क्राइस्टचर्च में नहीं चला था वैभव का बल्ला
क्राइस्टचर्च में खेले गए पिछले मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे थे, लेकिन 8 गेंदों में सिर्फ 4 रन बनाकर आउट हो गए थे. अब वेलिंगटन में उन्हें ओपनिंग का मौका मिला है. अभिषेक शर्मा के साथ पारी की शुरुआत करते हुए वैभव के पास अपनी पसंदीदा पोजीशन पर खुद को साबित करने का मौका है.