कर्नाटक में कैबिनेट विस्तार से पहले राज्य में हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिल रहा है. यहां तनवीर सैत को मंत्री नहीं बनाए जाने पर उनके एक समर्थक ने कीटनाशक निगलकर जान देने की कोशिश की. समर्थक के अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी मिलने पर तनवीर सैत उससे मिलने अस्पताल पहुंचे और उसका हालचाल जाना. जानकारी के मुताबिक मंत्री पद नहीं मिलने से नाराज समर्थकों ने मैसूरु स्थित तनवीर सैत के आवास के बाहर प्रदर्शन करते हुए कैबिनेट विस्तार में उनके साथ अन्याय का आरोप लगाया है.
कर्नाटक कैबिनेट विस्तार में बनाए जा सकते हैं 20 नए मंत्री
सूत्रों के अनुसार, कर्नाटक कैबिनेट विस्तार में कुल 20 नए मंत्री बनाए जा सकते हैं. ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) की ओर से संभावित मंत्रियों की नई सूची मुख्यमंत्री को सौंप दिए जाने की बात थी. इसके तुरंत बाद मुख्यमंत्री इस लिस्ट को अंतिम मंजूरी के लिए राज्यपाल को भेजेंगे. राजभवन में नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण आज शाम करीब 4 बजे होने की बात सामने आई है.

बताया जा रहा है कि क्षेत्रीय संतुलन और जातीय समीकरणों को ध्यान में रखते हुए इस नई लिस्ट में कई नए चेहरे और अनुभवी नेताओं के नाम शामिल किए गए हैं. हालांकि मंत्रि मंडल के विस्तार व गठन से पूर्व राज्य में हाई वोल्टे ड्रामा हो गया.
तनवीर सैत के घर के बाहर तनाव
कर्नाटक में कैबिनेट विस्तार के बाद मंत्री पद नहीं मिलने से कांग्रेस विधायक तनवीर सैत के आवास के बाहर तनाव का माहौल बन गया. नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके घर के बाहर प्रदर्शन किया और कैबिनेट विस्तार में उनके साथ अन्याय होने का आरोप लगाया. प्रदर्शनकारियों ने इस मुद्दे पर नाराजगी जताते हुए तनवीर सैत से कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा देने की मांग भी की. इसी बीच, तरबीज नाम के एक समर्थक ने कथित तौर पर मंत्री पद न मिलने से आहत होकर जहरीला पदार्थ निगल गया.
बताया जा रहा है कि उसने यह कदम तनवीर सैत को मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिलने से दुखी होकर उठाया. विषैला कीटनाशक खाने के बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. फिलहाल उसकी हालत और पूरे मामले की जांच को लेकर ऑफिशियल जानकारी सामने नहीं आई है.

सूत्रों ने ये भी दावा किया है कि सुबह 10 बजे मुख्यमंत्री को सौंपी जाने वाली लिस्ट में करीब 18 विधायकों को नाम फाइनल हो चुके हैं. संभावित मंत्रियों की सूची में पोंनन्ना, रिजवान अरशद, एसएस मल्लिकार्जुन, लक्ष्मण सावदी, यशवंतराय गौड़ा पाटिल, शरद बच्चेगौड़ा, शिवलिंगे गौड़ा और चेलुवरयास्वामी के नाम शामिल हैं. इसके अलावा संतोष लाड, अजय सिंह, नयना मोटम्मा, पुत्तरंगा शेट्टी, मानकल वैद्य, रघुमूर्ति, शिवराज तंगड़ागी, लक्ष्मी हेब्बालकर, मधु बंगारप्पा और नारायणस्वामी को भी कैबिनेट में शामिल किए जाने की संभावनाएं हैं.