कांग्रेस बीजेपी नेतृत्व वाली एनडीए सरकार को घेरने के लिए एक मजबूत रणनीति तैयार कर रही है. इसी को लेकर कांग्रेस ने विपक्षी गठबंधन (इंडिया ब्लॉक) की बड़ी बैठक बुलाई है जो विपक्षी दलों के नेताओं की उपलब्धता के आधार पर आगामी 6 या 8 जून को नई दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में आयोजित की जाएगी. बताया जा रहा है कि बैठक में पेपर लीक और लगातार बढ़ते पेट्रोल-डीजल के दामों को लेकर सरकारी को घेरने की रणनीति पर चर्चा होगी.
कांग्रेस पार्टी के शीर्ष सूत्रों के अनुसार, विपक्षी 'INDIA' गठबंधन के वरिष्ठ नेता नेताओं की उपलब्धता के आधार पर आगामी 6 या 8 जून 2026 को नई दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में एक महत्वपूर्ण रणनीतिक बैठक आयोजित करने जा रहे हैं. सूत्रों का कहना है कि हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनावों में विपक्षी गठबंधन के दो प्रमुख घटक दलों-तृणमूल कांग्रेस (TMC) को पश्चिम बंगाल और डीएमके (DMK) को तमिलनाडु की सत्ता से बाहर होना पड़ा है, जिसके बाद विपक्ष की एकजुटता को मजबूत करने और बीजेपी नेतृत्व वाली सरकार का मुकाबला करने के लिए इस संयुक्त बैठक को बुलाया गया है.
वेणुगोपाल ने किया विपक्षी नेताओं से संपर्क
बताया जा रहा है कि कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने विभिन्न दलों के नेताओं से संपर्क किया है और उनसे बैठक में भाग लेने का अपील की है.
सूत्रों ने ये भी दावा किया कि इस बैठक में विपक्षी दल मुख्य रूप से नीट (NEET) पेपल लीक विवाद, सीबीएसई (CBSE) से जुड़े मामलों और देश में लगातार बढ़ रही ईंधन की कीमतों (Fuel Price) जैसे ज्वलंत मुद्दों पर केंद्र सरकार के खिलाफ एक साझा राष्ट्रीय रणनीति तैयार करेंगे. सूत्रों के अनुसार, बैठक का मुख्य उद्देश्य बीजेपी नीत केंद्र सरकार के खिलाफ संयुक्त रणनीति तैयार करना और विपक्षी एकता को मजबूत करना है.
15 दलों के नेता हो सकते हैं शामिल
सूत्रों का कहना है कि इस अहम बैठक में लगभग 15 विपक्षी दलों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है, जिसमें टीएमसी सुप्रीमो और बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे शामिल हैं.
राजनीतिक समीकरणों में बदलाव के कारण कांग्रेस द्वारा डीएमके से संबंध तोड़कर टीवीके (TVK) का साथ देने के बाद डीएमके के इस बैठक में शामिल होने की संभावना नहीं है. हालांकि, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली टीवीके को बैठक में शामिल करने की कोशिशें जारी हैं. दूसरी ओर आम आदमी पार्टी (AAP) पहले ही सार्वजनिक रूप से इस गुट से दूरी बना चुकी है. ऐसे में उसके इस बैठक में शामिल होने की उम्मीदें न के बराबर हैं.
राहुल की स्ट्रेटेजी डिनर पार्टी
इससे पहले 7 अगस्त 2025 को राहुल गांधी ने नई दिल्ली में अपने आवास पर विपक्षी नेताओं के लिए एक महत्वपूर्ण रणनीति रात्रिभोज (डिनर) की मेजबानी की थी. उस बैठक में 25 से ज्यादा विपक्षी दलों के लगभग 50 नेता शामिल हुए थे, जहां मुख्य रूप से बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और कथित चुनावी हेरफेर का गंभीर मुद्दा उठाया गया था.
INDIA गठबंधन के नेताओं ने इससे पहले संसद सत्रों से ठीक पहले औपचारिक रूप से मुलाकात की थी, जहां उन्होंने केंद्र सरकार के खिलाफ संयुक्त रूप से उठाए जाने वाले मुद्दों पर चर्चा की थी. इन चर्चाओं में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ उन्हें पद से हटाने के लिए नोटिस लाने जैसे महत्वपूर्ण कदम भी शामिल थे, ताकि सरकार को घेरा जा सके.
2024 में हुई थी आधिकारिक बैठक
आपको बता दें कि विपक्षी दलों के इस INDIA गठबंधन का गठन साल 2024 के लोकसभा चुनावों से ठीक पहले राष्ट्रीय स्तर पर बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए (NDA) को संयुक्त चुनौती देने के लिए किया गया था. इस ब्लॉक की आखिरी आधिकारिक बैठक लोकसभा चुनाव की मतगणना से ठीक पहले एक जून 2024 को नई दिल्ली में आयोजित की गई थी, जिसके बाद अब ये बड़ी बैठक होने जा रही है.