लखनऊ के कारोबारी शिवा शर्मा की मौत का मामला लगातार उलझता जा रहा है. एक तरफ पुलिस श्रद्धा दुबे को तलाश रही है. दूसरी तरफ श्रद्धा सोशल मीडिया पर वीडियो जारी करके कह रही है कि शिवा की हत्या नहीं हुई, उसने आत्महत्या की थी. अब इस कहानी में नेपाल कनेक्शन सामने आया है. अब नेपाल के महीम नगर से CCTV फुटेज सामने आया है. इसमें श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और दोस्त आदिल के दिखाई देने का दावा किया गया है.
तीनों के ई-रिक्शा पर सवार होने की तस्वीर सामने आई है. यानी जिस श्रद्धा को लखनऊ पुलिस तलाश रही है, उसके नेपाल पहुंचने और वहां से आगे निकल जाने की बात कही जा रही है. आखिर शिवा की मौत के बाद क्या हुआ? श्रद्धा कहां गई? नेपाल के CCTV में क्या दिखा? और शिवा के परिवार ने उस पर कौन-कौन से आरोप लगाए हैं?

दरअसल, ये मामला 9 अक्टूबर का है. लखनऊ के अवध ग्रीन अपार्टमेंट में कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. रिपोर्ट के मुताबिक, शिवा फ्लैट से नीचे गिरा था. उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है. इस मामले में शिवा के परिजनों ने उसकी लिव-इन पार्टनर कही जा रही श्रद्धा दुबे पर गंभीर आरोप लगाए हैं. पुलिस उसकी तलाश में जुटी है. क्राइम ब्रांच और हजरतगंज थाने की टीमें उसकी लोकेशन पता करने की कोशिश कर रही हैं.

पुलिस पहले सीतापुर पहुंची. लेकिन वहां श्रद्धा नहीं मिली. इसके बाद उसकी लोकेशन लखीमपुर में मिलने की बात सामने आई. पुलिस वहां पहुंचती, उससे पहले ही उसके वहां से निकल जाने की जानकारी दी गई. फिर जांच की कड़ी भारत-नेपाल सीमा के पास रुपईडीहा तक पहुंची.
स्कॉर्पियो मिली, लेकिन श्रद्धा नहीं
पुलिस को रुपईडीहा बॉर्डर के पास एक पार्किंग में श्रद्धा की स्कॉर्पियो कार लावारिस हालत में मिली. इसके बाद अनुमान लगाया गया कि श्रद्धा अपनी बहन रश्मि और दोस्त आदिल के साथ पैदल बॉर्डर पार करके नेपाल चली गई. पुलिस की तलाश के बीच नेपाल के महीम नगर से CCTV फुटेज सामने आए, जिसमें तीन लोग सड़क पार करके बस स्टेशन की तरफ जाते दिखाई दिए. दावा किया जा रहा है कि ये श्रद्धा, रश्मि और आदिल थे. तीनों ने वहां रात बिताई और अगली सुबह बस से आगे निकल गए. ई-रिक्शा पर सवार होने से जुड़ी तस्वीर भी सामने आई है.
यह भी पढ़ें: 'मैं कहीं गायब नहीं हूं...' वीडियो में श्रद्धा दुबे की सफाई, पुलिस तलाश में जुटी, शिवा शर्मा केस में अब तक क्या हुआ?
एक तरफ नेपाल से तस्वीरें सामने आने का दावा किया जा रहा है, दूसरी तरफ श्रद्धा दुबे ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अपनी बात रखी है. वीडियो में श्रद्धा कहती है कि शिवा की हत्या नहीं हुई, बल्कि उसने आत्महत्या की थी. वह लोगों से अपील करती है कि उसका नाम नेताओं और अधिकारियों से बेवजह न जोड़ा जाए.
श्रद्धा का कहना है कि सोशल मीडिया पर किसी व्यक्ति से जुड़ा होना इस बात का सबूत नहीं है कि उसका उससे कोई खास संबंध है. उसने यह भी कहा कि वह कहीं गायब नहीं है और पुलिस के सामने आकर सच बताना चाहती है. वीडियो में उसने अपनी मानसिक और शारीरिक हालत ठीक नहीं होने की बात भी कही.

शिवा की बहन ने क्या आरोप लगाए?
इस मामले में शिवा के परिवार ने श्रद्धा पर गंभीर आरोप लगाए हैं. शिवा की बहन ने आजतक से बातचीत में कहा कि श्रद्धा ने पहले सोशल मीडिया पर शिवा को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी थी. इसके बाद दोनों के बीच बातचीत और दोस्ती हुई. परिवार का आरोप है कि बाद में श्रद्धा शिवा को ब्लैकमेल करने लगी थी. शिवा की बहन के मुताबिक, 2 जून को शिवा ने रोते हुए उसे बताया था कि श्रद्धा उसे ब्लैकमेल कर रही है. परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि श्रद्धा रसूखदार और अमीर परिवारों के लड़कों को अपने जाल में फंसाकर उनसे पैसे वसूलती थी.

रश्मि दुबे की भूमिका पर भी नजर
श्रद्धा के साथ उसकी बहन रश्मि दुबे का नाम भी सामने आ रहा है. रश्मि पहले एक प्राइवेट बैंक में काम करती थी. बाद में वह सोशल मीडिया पर एक्टिव हुई. उसके इंस्टाग्राम पर 15 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स हो गए. शिवा की मौत के दौरान और उसके तुरंत बाद श्रद्धा और रश्मि ने कुछ करीबी लोगों से फोन पर लंबी बातचीत की थी. इसमें अमीर और आदिल के नाम का जिक्र है.
आशंका जताई गई है कि घटना के बाद भागने की प्लानिंग बनाई गई थी. सोशल मीडिया पर भी दोनों बहनों के अकाउंट चर्चा में हैं. फिलहाल इस मामले में सबसे अहम सवाल हैं कि शिवा की मौत किन परिस्थितियों में हुई? नेपाल के CCTV में दिखाई देने वाले लोगों की पहचान की पुष्टि हुई या नहीं? और श्रद्धा, रश्मि तथा आदिल की मौजूदा लोकेशन क्या है? पुलिस जांच में जुटी है. फिलहाल नेपाल के CCTV ने शिवा की मौत के मामले में मोड़ ला दिया है.