scorecardresearch
 

'मैं कहीं गायब नहीं हूं...' वीडियो में श्रद्धा दुबे की सफाई, पुलिस तलाश में जुटी, शिवा शर्मा केस में अब तक क्या हुआ?

लखनऊ में शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला अब कई सवालों में उलझ गया है. पुलिस को जिस श्रद्धा दुबे की तलाश है, उसका एक वीडियो सामने आया है. वीडियो में श्रद्धा कह रही है कि वह कहीं गायब नहीं है. वहीं शिवा का परिवार श्रद्धा पर ब्लैकमेलिंग समेत कई गंभीर आरोप लगा रहा है. अब सवाल है कि श्रद्धा की सफाई और परिवार के आरोपों के बीच उस रात आखिर हुआ क्या था?

Advertisement
X
श्रद्धा की तलाश में जुटी लखनऊ पुलिस. (Photo: ITG)
श्रद्धा की तलाश में जुटी लखनऊ पुलिस. (Photo: ITG)

'मैं कहीं गायब नहीं हूं...' लखनऊ के शिवा शर्मा डेथ केस में आरोपी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर श्रद्धा दुबे के वीडियो की शुरुआत कुछ इसी सफाई से होती है. श्रद्धा कैमरे के सामने आकर कहती है कि उसका नाम बेवजह उछाला जा रहा है. उसे नेताओं और बड़े अधिकारियों से जोड़कर देखा जा रहा है, जबकि उसका दावा है कि उसका उनसे कोई संबंध नहीं है. श्रद्धा कहती है कि वह पुलिस के सामने आकर बयान दर्ज कराना चाहती है. मामले से जुड़ी जो भी सच्चाई है, वह पुलिस को बताने के लिए तैयार है. लेकिन इसी वीडियो में वह यह भी कहती है कि उसकी शारीरिक हालत ठीक नहीं है.

और फिर वह शिवा शर्मा की मौत पर अपना दावा रखती है. श्रद्धा कहती है कि शिवा की हत्या नहीं हुई थी, बल्कि उसने आत्महत्या की थी. वीडियो सामने आने के बाद केस में एक नया सवाल जरूर जुड़ गया है. अगर श्रद्धा पुलिस के सामने आकर सब कुछ बताना चाहती है, तो पुलिस उसे तलाश क्यों रही है? और अगर वह गायब नहीं है, तो इस वक्त है कहां?

यहां देखें Video

इस कहानी का दूसरा सिरा पुलिस की तलाश से जुड़ता है. लखनऊ पुलिस की क्राइम ब्रांच और हजरतगंज थाने की टीमें श्रद्धा की लोकेशन तलाश रही थीं. बताया गया कि पुलिस पहले सीतापुर पहुंची, लेकिन वहां श्रद्धा नहीं मिली. इसके बाद उसकी लोकेशन लखीमपुर में ट्रेस होने की बात सामने आई. पुलिस वहां पहुंची, मगर तब तक वह वहां से भी निकल चुकी थी. फिर तलाश पहुंची भारत-नेपाल सीमा के पास रुपईडीहा तक.

Advertisement

पुलिस के मुताबिक, श्रद्धा अपनी बहन रश्मि दुबे और दोस्त आदिल के साथ वहां पहुंची थी. पुलिस को बॉर्डर के पास एक निजी पार्किंग से श्रद्धा की स्कॉर्पियो कार मिली. कार लावारिस हालत में खड़ी थी. इसके बाद तीनों के पैदल सीमा पार करके नेपाल जाने की बात सामने आई. यानी पुलिस के हाथ कार लगी, लेकिन उन तीनों का पता नहीं चला.

यह भी पढ़ें: शिवा शर्मा हत्याकांड में नया मोड़, भारत-नेपाल सीमा पर मिली श्रद्धा दुबे की SUV, इनामी ऋषभ राय के साथ फोटो वायरल

नेपाल के महीम नगर बस स्टेशन से जुड़े सीसीटीवी फुटेज को लेकर भी जानकारी सामने आई है. बताया गया कि फुटेज में श्रद्धा, रश्मि और आदिल जैसे दिखने वाले तीन लोग सड़क पार करके बस स्टेशन के भीतर जाते नजर आए. उनके वहां रात बिताने और अगली सुबह बस से आगे निकलने की बात कही गई है. जब तक पुलिस टीम वहां पहुंचती, वे वहां से जा चुके थे. फिलहाल इतना साफ है कि पुलिस उनकी तलाश कर रही है और श्रद्धा वीडियो के जरिए अपनी सफाई दे रही है. 

9 अक्टूबर को हुई थी शिवा की मौत

अब जरा उस घटना पर लौटते हैं, जहां से यह पूरा मामला शुरू हुआ. 9 अक्टूबर की शाम लखनऊ के अवध ग्रीन अपार्टमेंट में शिवा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में नीचे गिरने से मौत हो गई थी. घटना के बाद से ही यह सवाल बना हुआ है कि आखिर उस शाम क्या हुआ था.

Advertisement

क्या शिवा ने आत्महत्या की थी, जैसा श्रद्धा अपने वीडियो में कह रही है? या फिर मौत के पीछे कोई दूसरी वजह है, जैसा शिवा के परिवार को आशंका है? इन सवालों का जवाब अभी सामने आना बाकी है. वहीं शिवा के परिवार की ओर से गंभीर आरोप लगाए गए हैं. पुलिस को घटनाक्रम की कड़ियां जोड़नी हैं. यह पता लगाना है कि मौत से पहले और बाद में क्या हुआ, कौन-कौन लोग संपर्क में थे और इस पूरे मामले में किसकी क्या भूमिका रही.

shraddha dubey video statement shiva sharma death case police search

बहन रश्मि का नाम भी क्यों आया?

इस केस में श्रद्धा अकेली चर्चा में नहीं है. उसकी बहन रश्मि दुबे का नाम भी सामने आया है. बताया गया है कि रश्मि पहले एक प्राइवेट बैंक में काम करती थी. बाद में वह भी सोशल मीडिया पर एक्टिव हुई और उसके इंस्टाग्राम पर 15 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स होने की जानकारी सामने आई. लेकिन इस केस में रश्मि के सोशल मीडिया अकाउंट से ज्यादा चर्चा उसकी कथित आवाजाही और श्रद्धा के साथ होने की है.

पुलिस के मुताबिक, शिवा की मौत के दिन और उसके तुरंत बाद श्रद्धा और रश्मि ने कुछ करीबी लोगों से फोन पर लंबी बातचीत की थी. इन बातचीत को लेकर यह आरोप लगाया गया है कि घटना के बाद मामले को दबाने और वहां से निकलने की प्लानिंग की गई. सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स बढ़ने की चर्चा भी इस मामले के साथ जुड़ गई है. घटना के बाद श्रद्धा के फॉलोअर्स की संख्या 1.42 लाख के करीब पहुंच गई.

Advertisement

shraddha dubey video statement shiva sharma death case police search

शिवा की बहन का दावा- ब्लैकमेल कर रही थी श्रद्धा

अब इस कहानी का तीसरा पक्ष सुनिए. यह शिवा के परिवार का पक्ष है. शिवा की बहन ने बातचीत में श्रद्धा पर गंभीर आरोप लगाए हैं. परिवार का दावा है कि श्रद्धा ने पहले सोशल मीडिया पर शिवा को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी, फिर दोनों की दोस्ती हुई. इसके बाद श्रद्धा ने कथित तौर पर शिवा को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया.

शिवा की बहन के मुताबिक, 2 जून को शिवा ने रोते हुए बताया था कि श्रद्धा उसे ब्लैकमेल कर रही है. परिवार का आरोप है कि श्रद्धा रसूखदार और अमीर परिवारों के लड़कों को अपने जाल में फंसाकर उनसे पैसे वसूलती थी. परिवार ने यह भी कहा है कि जब तक श्रद्धा और उसके साथियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक शिवा को इंसाफ नहीं मिल पाएगा.

इस केस में फिलहाल तीन बातें आमने-सामने हैं. पहली, श्रद्धा का वीडियो, जिसमें वह खुद को निर्दोष बता रही है और कह रही है कि शिवा ने आत्महत्या की थी. दूसरी, पुलिस की तलाश और नेपाल तक पहुंचने की बताई जा रही कहानी. तीसरी, शिवा के परिवार के आरोप, जिनमें ब्लैकमेलिंग और पैसों की वसूली का दावा किया गया है. इन तीनों के बीच सबसे अहम सवाल अब भी वही है कि 9 अक्टूबर की शाम अवध ग्रीन अपार्टमेंट में आखिर हुआ क्या था? श्रद्धा कह रही है कि वह पुलिस को सब कुछ बताने के लिए तैयार है. पुलिस उसे तलाश रही है. वहीं शिवा का परिवार गिरफ्तारी की मांग कर रहा है. वीडियो में श्रद्धा का कहना है, 'मैं कहीं गायब नहीं हूं.' दूसरी तरफ, पुलिस की तलाश जारी है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement