scorecardresearch
 

जंतर-मंतर प्रदर्शन: छात्रों पर लाठीचार्ज के खिलाफ SC में याचिका, 27 जुलाई को होगी सुनवाई

जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कथित पुलिस कार्रवाई का मामला अब सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है. शीर्ष अदालत ने छात्रों पर अत्यधिक बल प्रयोग के आरोपों वाली याचिका पर 27 जुलाई को सुनवाई करने पर सहमति जताई है.

Advertisement
X
नीट पेपर लीक के खिलाफ जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर सुप्रीम कोर्ट में याचिका. (Photo: PTI)
नीट पेपर लीक के खिलाफ जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर सुप्रीम कोर्ट में याचिका. (Photo: PTI)

सुप्रीम कोर्ट जंतर- मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई से संबंधित याचिका पर सुनवाई के लिए सहमत हो गया है. जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ 20 जुलाई को 'संसद चलो' मार्च के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई के मामले में दायर याचिका पर सुप्रीम कोर्ट 27 जुलाई को सुनवाई करेगा. याचिका में आरोप लगाया गया है कि प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस ने अत्यधिक बल प्रयोग किया.

मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहन की पीठ के समक्ष वरिष्ठ अधिवक्ता गोपाल शंकरनारायणन ने मामले का उल्लेख करते हुए तत्काल सुनवाई की मांग की. उन्होंने कहा कि याचिका दाखिल हो चुकी है और उसे डायरी नंबर भी आवंटित हो गया है. गोपाल शंकरनारायणन ने अदालत से कहा, 'यह छात्रों के प्रदर्शन से जुड़ा मामला है. पुलिस की ज्यादती लगातार बढ़ रही है. तत्काल हस्तक्षेप की जरूरत है.' इस पर मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने कहा, 'हम इस मामले पर सोमवार को सुनवाई करेंगे.'

क्या है मामला?

जंतर-मंतर पर यह प्रदर्शन 20 जून से कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के आह्वान पर शुरू हुआ था. प्रदर्शनकारी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में बार-बार पेपर लीक होने के विरोध में और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं. क्लाइमेट एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक भी प्रदर्शन में शामिल हुए और छात्रों के समर्थन में 28 जून से आमरण अनशन शुरू किया. स्वास्थ्य बिगड़ने का हवाला देते हुए दिल्ली पुलिस ने उन्हें 18 जुलाई की सुबह प्रदर्शन स्थल से हटाकर अस्पताल में भर्ती कराया था. केंद्रीय मंत्रियों जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह की उपस्थिति में सोनम वांगचुक ने 23 जुलाई की रात गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में अपना 26 दिन लंबा अनशन समाप्त कर दिया.

Advertisement

जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने 20 जुलाई को 'संसद चलो' मार्च का आह्वान किया था. दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट किया था कि इस मार्च की अनुमति नहीं दी गई है. इसी दिन संसद के मॉनसून सत्र की शुरुआत भी हुई थी. प्रदर्शनकारी 20 जुलाई को बड़ी संख्या में संसद की ओर बढ़े. संसद से करीब 200 मीटर पहले उनकी पुलिस के साथ झड़प हुई. इस दौरान पुलिस पर छात्रों पर लाठीचार्ज, आंसू गैस के गोले दागने और अत्यधिक बल प्रयोग के आरोप लगे. इसी पुलिस कार्रवाई के खिलाफ एक अन्य याचिका पहले से दिल्ली हाई कोर्ट में लंबित है. हाई कोर्ट ने इस मामले में केंद्र और दिल्ली पुलिस से जवाब मांगा है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement