राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की पूर्व महिला प्रदेश अध्यक्ष रितु जायसवाल लालू की पार्टी का दामन छोड़कर अब बीजेपी में शामिल होने जा रही हैं. बताया जा रहा है कि वह 26 मई मंगलवार को पटना स्थित भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक विशेष समारोह में बीजेपी की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण करेंगी. बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी रितु को आधिकारिक रूप से पार्टी की सदस्यता दिलाएंगे.
रितु जायसवाल की गिनती राष्ट्रीय जनता दल के कद्दावर और प्रमुख महिला चेहरों में होती रही है. वो राजद की महिला विंग की प्रदेश अध्यक्ष की बड़ी जिम्मेदारी संभालने के साथ-साथ पार्टी के शीर्ष नेता तेजस्वी यादव की सबसे भरोसेमंद और करीबी सहयोगियों में से एक मानी जाती थीं, जिसके चलते उनका जाना आरजेडी के लिए एक बड़ा झटका है.
टिकट न मिलने से थीं नाराज
इस बड़े राजनीतिक दलबदल के पीछे मुख्य वजह रितु जायसवाल की अपनी पुरानी पार्टी के प्रति नाराजगी रही है. आरजेडी द्वारा टिकट नहीं दिए जाने से नाराज होकर रितु ने बगावती रुख अख्तियार कर लिया था और वो निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर विधानसभा चुनाव के मैदान में उतर गई थीं, जिसके बाद से ही उनके पाला बदलने की अटकलें लगाई जा रही थीं.