दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्ष का प्रदर्शन जारी है. राहुल गांधी ने कहा है कि उनके खिलाफ 45 FIR दर्ज हैं और वह इनसे डरने वाले नहीं हैं. उन्होंने कहा कि वह चाहते हैं कि यह संख्या 100 तक पहुंचे. राहुल गांधी ने 100 FIR को 'मेडल की तरह' बताया और कहा कि वह इस लड़ाई से पीछे नहीं हटेंगे.
'INDIA' गठबंधन के सांसद जनपथ के पास सागर रत्ना रेस्टोरेंट से जंतर-मंतर के लिए निकल गए हैं. इससे पहले सभी सांसद यहीं जुटे थे. जंतर-मंतर करीब 100 मीटर दूर है. प्रदर्शन को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और रास्तों पर बैरिकेडिंग की गई है. फिलहाल, नई दिल्ली इलाके में धारा 163 लागू है. पुलिस ने पहले ही साफ कर दिया था कि सांसदों को जंतर-मंतर, कनॉट प्लेस या विंडसर पैलेस की तरफ बढ़ने पर रोका जाएगा. अब सांसद जंतर-मंतर की तरफ बढ़ रहे हैं, ऐसे में पुलिस की कार्रवाई पर नजर है.
ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे पर अड़ा विपक्ष
विपक्ष का यह प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर हो रहा है. विपक्षी दल SIR की प्रक्रिया में गड़बड़ियों का आरोप लगा रहे हैं. उनका कहना है कि चुनाव प्रक्रिया को लेकर उठे सवालों का जवाब मिलना चाहिए और ज्ञानेश कुमार को पद से इस्तीफा देना चाहिए.
राहुल गांधी ने अपने खिलाफ दर्ज FIR को लेकर भी अपना रुख साफ किया. उन्होंने कहा कि 45 FIR होने के बावजूद वह डरने वाले नहीं हैं. उनका कहना है कि अगर यह संख्या 100 तक भी पहुंचती है तो वह पीछे नहीं हटेंगे. उन्होंने 100 FIR को अपने लिए 'मेडल' की तरह बताया.
कल भी आमने-सामने आया था विपक्ष और पुलिस
मंगलवार को विपक्षी सांसदों ने चुनाव आयोग के दफ्तर की तरफ मार्च करने की कोशिश की थी. पुलिस ने उन्हें रास्ते में रोक दिया था. राहुल गांधी एक बैरिकेड पर चढ़ गए थे और हाथ में तिरंगा लेकर उसे लहराया था. उनके हाथ में 'Gyanesh it's done bro' लिखा पोस्टर भी था.
इसके बाद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कई नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया था. बाद में उन्हें छोड़ दिया गया. अब विपक्षी सांसद फिर जंतर-मंतर की तरफ बढ़ने की तैयारी में हैं. उनकी मांग साफ है मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा.