उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में कचहरी के बाहर हाईवोल्टेज ड्रामा शुरू हो गया. दरअसल, पति के साथ कोर्ट पहुंची एक महिला की नजर अचानक अपने प्रेमी पर पड़ गई. महिला ने बिना किसी की परवाह किए प्रेमी को गले लगा लिया. इसके बाद मौके पर जमकर हंगामा और खींचतान शुरू हो गई. पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
घटना टनकपुर रोड स्थित पीलीभीत कचहरी परिसर के बाहर की बताई जा रही है. जानकारी के मुताबिक, महिला अपने पति के साथ किसी पुराने मुकदमे के सिलसिले में अदालत पहुंची थी. इसी दौरान वहां एक युवक भी पहुंचा, जिसे महिला अपना प्रेमी बता रही थी. उसे देखते ही महिला उसके पास पहुंची और सरेआम उससे लिपट गई.
यह भी पढ़ें: माहिद से मोहित, शबीना से खुशी, तीन बच्चों के साथ गंगा तट पर हवन और स्नान के बाद पीलीभीत परिवार ने अपनाया हिंदू धर्म
अचानक हुए इस घटनाक्रम से आसपास मौजूद लोग हैरान रह गए. कुछ ही देर में मौके पर भीड़ जुट गई. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच खींचतान और मारपीट शुरू हो गई. वायरल वीडियो में पति और उसके साथ मौजूद लोग महिला को युवक से अलग करने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं, जबकि महिला युवक का साथ छोड़ने को तैयार नहीं दिखती.
देखें वीडियो...
प्रेमी को छोड़ने को तैयार नहीं थी महिला
काफी देर तक कचहरी के बाहर यह हंगामा चलता रहा. आखिरकार महिला अपने प्रेमी के साथ वहां से चली गई. घटना के दौरान कोतवाली पुलिस भी मौके पर मौजूद दिखाई दे रही है और स्थिति को संभालने के लिए बीच-बचाव करती नजर आती है. वहीं, आसपास खड़े कई लोग इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाते रहे.
बताया जा रहा है कि घटना एक दिन पहले की है. इसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. लोग इस वीडियो को अलग-अलग गानों के साथ एडिट करके भी शेयर कर रहे हैं. वीडियो में कचहरी के बाहर महिला और युवक के बीच नजदीकी, लोगों की भीड़ और दोनों पक्षों के बीच हुई खींचतान साफ दिखाई दे रही है.
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने भी मामले का संज्ञान लिया. इस पूरे प्रकरण को लेकर सीओ सिटी अमरनाथ वर्मा से संपर्क किया गया. उन्होंने बताया कि मामला संज्ञान में आते ही इसकी जानकारी संबंधित कोतवाल को दे दी गई थी. इसके बाद पुलिस ने मौके की स्थिति और दोनों पक्षों के बारे में जानकारी जुटाई.
देखें वीडियो...
पुलिस ने दोनों पक्षों पर की कार्रवाई
कोतवाल प्रमेन्द्र सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए दोनों पक्षों के लोगों के खिलाफ धारा 151 के तहत कार्रवाई की गई है. पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में एक पक्ष में महिला का पति बताया गया है, जबकि दूसरे युवक के साथ महिला की कोर्ट मैरिज होने की बात भी सामने आ रही है.
पुलिस अब मामले के दूसरे पहलुओं की भी जांच कर रही है. फिलहाल कचहरी के बाहर हुए इस हाईवोल्टेज ड्रामे का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है. पति के साथ कोर्ट पहुंची महिला का अचानक युवक से लिपटना, इसके बाद हुई मारपीट और पुलिस की मौजूदगी ने पूरे मामले को सुर्खियों में ला दिया है.