देशभर में आज दिवाली का पावन पर्व बड़े धूमधाम से मनाया जा रहा है. इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छत्तीसगढ़ जा रहे हैं. वहां वो सुरक्षा बलों के जवानों के साथ दिवाली का त्योहार मनाएंगे. हर साल की तरह अपनी इस परंपरा को जारी रखते हुए पीएम मोदी जवानों का हौसला बढ़ाने बस्तर रवाना हो रहे हैं.
बस्तर रवाना होने से पहले पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी भावनाएं साझा की हैं. इसके साथ ही पीएम मोदी ने देशवासियों को भी दीपोत्सव की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं.
पीएम मोदी ने कहा, 'हमारे वीर सुरक्षा बलों के साथ दिवाली मनाने के लिए बस्तर जा रहा हूं. कल तक जहां नक्सलियों का कहर था वहां आज विकास की बहार है. वीर जवानों, उनके बलिदान, त्याग और तपस्या को नमन करने जा रहा हूं.'
वहीं, देशवासियों को दीपोत्सव की बधाई देते हुए पीएम मोदी ने लिखा, 'देशभर के अपने परिवारजनों को दीपावली की असीम शुभकामनाएं.'
पीएम मोदी ने की देवेंद्र फडणवीस की तारीफ
वहीं, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नागपुर जिले के लोहारी सावंगा गांव में किसानों के साथ दिवाली मनाई. पीएम मोदी ने देवेंद्र फडणवीस के इस कदम की तारीफ करते हुए कहा, 'महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने लोहारी सावंगा गांव (नरखेड़, नागपुर) में किसानों के साथ दिवाली मनाने और अरुणाबाई और रामभाऊ बालपांडे के आवास पर ठहरने की ये पहल बेहद भावुक करने वाली है. ये उस करुणा की भावना को दिखाता है जिसके साथ महाराष्ट्र में एनडीए सरकार किसानों के लिए काम कर रही है और उनका कल्याण सुनिश्चित कर रही है.'