पेट्रोल और डीजल की कीमतों में हुई ताजा बढ़ोतरी के बाद देश की सियासत गरमा गई है. कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और तृणमूल कांग्रेस ने इस फैसले को लेकर प्रधानमंत्री मोदी और बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोला है. विपक्ष का आरोप है कि चुनाव खत्म होते ही सरकार ने जनता पर महंगाई का बोझ डाल दिया है.
कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'महंगाई मैन मोदी ने आज फिर जनता पर हंटर चलाया. पेट्रोल और डीजल 3-3 रुपए महंगा कर दिया गया वहीं, CNG के दाम भी 2 रुपए बढ़ा दिए गए. चुनाव खत्म- मोदी की वसूली शुरू.'
राहुल गांधी ने पोस्ट किया कि गलती मोदी सरकार की, कीमत जनता चुकाएगी, 3 रुपये का झटका आ चुका. बाकी वसूली किस्तों में की जाएगी.
समाजवादी प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि आगे बढ़ना है तो साइकिल ही विकल्प है. हमने तो पहले ही कहा है कि साइकिल से बेहतर कुछ नहीं. वहीं, प्रियंका चतुर्वेदी ने तंज कसते हुए लिखा, 'रुपया, डीजल और पेट्रोल.. कौन पहले सेंचुरी पार करेगा?'
'चुनाव खत्म होते ही बीजेपी सरकार ने...'
समाजवादी पार्टी ने भी केंद्र सरकार पर धावा बोला. पार्टी ने कहा, 'चुनाव खत्म होते ही बीजेपी सरकार ने जनता को दिया महंगाई का एक और तोहफा! पेट्रोल और डीजल 3–3 रुपए प्रति लीटर महंगा हुआ. जनता पहले से ही महंगी गैस, महंगे बिजली बिल से परेशान है अब डीजल, पेट्रोल के दाम बढ़ाकर सरकार ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है. नहीं चाहिए बीजेपी.'
कांग्रेस नेता कुमारी सेलजा ने कहा, 'चुनाव खत्म होते ही बीजेपी सरकार ने जनता को महंगाई का तोहफा दे दिया. अब पेट्रोल और डीजल पर 3 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर आम आदमी की जेब पर सीधा हमला किया गया है. चुनाव तक राहत का दिखावा. चुनाव के बाद जनता पर बोझ डालना बीजेपी सरकार की पहचान बन चुका है.'
यह भी पढ़ें: बढ़ गए पेट्रोल और डीजल के दाम, प्रति लीटर 3 रुपये की बढ़ोतरी, जानें नई कीमतें
TMC नेता डेरेक ओ'ब्रायन ने भी बीजेपी का घेराव किया. उन्होंने कहा, 'पहले वो आपका वोट लूटते हैं, फिर आपको वहां लात मारते हैं जहां दर्द होता है. इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है. डीजल और पेट्रोल के दाम बढ़ गए हैं. क्या बंगाल सरकार पेट्रोल और डीजल पर VAT कम करेगी, अब जब दिल्ली के कंट्रोल वाली सरकार है जिसे केंद्र के फंड रोके जाने की चिंता नहीं करनी पड़ती?'
कांग्रेस ने प्रियांक खड़गे ने कहा, 'फादरलैंड वाली बात ने पॉलिटिकल माहौल को एक नया निचला स्तर दिया, वहीं फ्यूल की कीमत में 3 रुपए की बढ़ोतरी से लोगों की परेशानी और बढ़ जाएगी.