पाकिस्तान में बनने वाली गोरी ब्यूटी क्रीम पर भारत में पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया है. दावा किया जाता है कि इस क्रीम को लगाने से त्वचा गोरी हो जाती है. हालांकि, जांच में इस क्रीम में स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक तत्व पाए गए हैं.
कहा जा रहा है कि नागपुर की कुछ महिलाओं ने इस क्रीम का इस्तेमाल किया, जिसके बाद उन्हें किडनी संबंधी समस्याएं होने लगीं. इसके बाद महाराष्ट्र के खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने इस क्रीम की जांच कराई. जांच में क्रीम में मरक्यूरी (पारा) जैसे जहरीले तत्व की मौजूदगी पाई गई.
इसके बाद पाकिस्तान में निर्मित 'गोरी ब्यूटी क्रीम' पर प्रतिबंध लगा दिया गया. इस क्रीम की जब्ती के लिए पूरे महाराष्ट्र में FDA द्वारा छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है. जानकारी के अनुसार, नागपुर की कुछ महिलाओं ने यह क्रीम ई-कॉमर्स वेबसाइटों से मंगवाई थी. इनमें से कुछ महिलाएं पिछले करीब दो वर्षों से इस क्रीम का इस्तेमाल कर रही थीं.

जांच में यह भी सामने आया कि इस क्रीम पर एक्सपायरी डेट तक दर्ज नहीं थी. अधिकारियों के अनुसार, इस क्रीम के इस्तेमाल से शरीर पर कई गंभीर और नुकसानदायक प्रभाव पड़ सकते हैं इसीलिए FDA ने लोगों से अपील की है कि वे इस क्रीम को नहीं खरीदें और ना ही इसका उपयोग करें.
फिलहाल, गोरी ब्यूटी क्रीम के खिलाफ FDA ने विशेष अभियान शुरू किया है. नागपुर समेत पूरे महाराष्ट्र में इस पाकिस्तानी क्रीम के खिलाफ कार्रवाई जारी है.