scorecardresearch
 

श्री जगन्नाथ मंदिर में 15 घंटे तक नहीं होंगे महाप्रभु के दर्शन

पुरी के श्री जगन्नाथ मंदिर में स्नान यात्रा की तैयारियों के चलते शनिवार रात 10:30 बजे से रविवार दोपहर करीब 1 बजे तक श्रद्धालुओं के लिए दर्शन बंद रहेंगे. 29 जून को भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा की स्नान पूर्णिमा मनाई जाएगी. इस दौरान लाखों श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के विशेष इंतजाम किए हैं. दैतापति सेवकों ने भी विशेष धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत कर दी है.

Advertisement
X
धार्मिक अनुष्ठानों की तैयारियों के चलते दर्शन बंद रहेंगे. File Photo ITG
धार्मिक अनुष्ठानों की तैयारियों के चलते दर्शन बंद रहेंगे. File Photo ITG

ओडिशा के पुरी स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर में विशेष धार्मिक अनुष्ठानों की तैयारियों के चलते श्रद्धालुओं के लिए करीब 15 घंटे तक दर्शन बंद रहेंगे. श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन (एसजेटीए) ने बताया कि शनिवार रात 10:30 बजे से रविवार दोपहर करीब 1 बजे तक आम श्रद्धालुओं को मंदिर में प्रवेश और दर्शन की अनुमति नहीं होगी.

एसजेटीए के अनुसार, 29 जून को ज्येष्ठ शुक्ल पूर्णिमा के अवसर पर भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा की वार्षिक स्नान यात्रा (स्नान पूर्णिमा) आयोजित की जाएगी. इस विशेष अनुष्ठान की तैयारियों और मंदिर के भीतर होने वाली धार्मिक प्रक्रियाओं को ध्यान में रखते हुए दर्शन अस्थायी रूप से स्थगित किए गए हैं.

स्नान यात्रा के दौरान भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा की प्रतिमाओं को गर्भगृह से बाहर लाकर मंदिर परिसर में विधि-विधान से पवित्र स्नान कराया जाता है. इस पर्व को तीनों देवताओं के जन्मोत्सव के रूप में भी मनाया जाता है और इसे देखने के लिए देशभर से लाखों श्रद्धालु पुरी पहुंचते हैं.

श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन के मुख्य प्रशासक अरविंद पाधी ने बताया कि श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के व्यापक इंतजाम किए गए हैं. पुलिस और प्रशासन संयुक्त रूप से पूरे आयोजन की निगरानी करेंगे.

Advertisement

इधर, परंपरा के अनुसार ज्येष्ठ शुक्ल त्रयोदशी के अवसर पर दैतापति सेवकों ने मंदिर में प्रवेश कर दिया है. इसके साथ ही स्नान पूर्णिमा से लेकर नीलाद्रि बीजे (रथ यात्रा के बाद भगवानों की मंदिर वापसी) तक चलने वाले एक माह के विशेष धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत हो गई है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement