scorecardresearch
 

'मेरी लड़की उससे प्यार करती थी, तो वह उसको रख लेता... समरीन की मौत के बाद मां का सवाल

'अगर मेरी लड़की उससे प्यार करती थी, तो वह उसे रख लेता, उससे शादी कर लेता… मारा क्यों?’ लखनऊ में होटल की 10वीं मंजिल से गिरकर समरीन की मौत के बाद मां के इस सवाल ने हर किसी को झकझोर दिया है. बेटी की मौत से टूट चुकी मां ने हत्या की आशंका जताते हुए इंसाफ की गुहार लगाई है. आखिर समरीन के साथ ऐसा क्या हुआ था?

Advertisement
X
होटल के 10 वीं मंजिल से गिरने की वजह से सिमरन की मौत की जांच तेज हो गई है (Photo: ITG)
होटल के 10 वीं मंजिल से गिरने की वजह से सिमरन की मौत की जांच तेज हो गई है (Photo: ITG)

‘अगर मेरी लड़की उससे प्यार करती थी, तो वह उसे रख लेता, उससे शादी कर लेता… मारा क्यों?’ यह सवाल उस मां का है, जिसकी 24 साल की बेटी समरीन की जिंदगी राजधानी लखनऊ के एक होटल में खत्म हो गई. बेटी की मौत के बाद मां के पास अब न उसे पुकारने का मौका है और न ही उससे यह पूछने का कि आखिर उस दिन हुआ क्या था. उसके पास सिर्फ सवाल हैं, जिनके जवाब पुलिस की जांच से मिलने की उम्मीद है.

समरीन की मौत सोमवार शाम सुशांत गोल्फ सिटी इलाके के ओमेक्स न्यू हजरतगंज स्थित होटल सेलेश्टियल में हुई. वह होटल की दसवीं मंजिल से नीचे गिर गई थी. इतनी ऊंचाई से गिरने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद होटल में अफरातफरी मच गई. पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि समरीन दसवीं मंजिल से नीचे कैसे गिरी? क्या यह हादसा था, आत्महत्या या फिर किसी आपराधिक घटना का नतीजा? फिलहाल इन सवालों के जवाब जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगे.

छोटी बहन के लिए कपड़े लेने निकली थी समरीन

समरीन के परिवार के लिए सोमवार की सुबह किसी आम दिन की तरह ही शुरू हुई थी. घर में शायद किसी को अंदाजा भी नहीं था कि कुछ घंटों बाद परिवार की बेटी की मौत की खबर मिलेगी. परिजनों के मुताबिक, समरीन सोमवार सुबह करीब 11 बजे घर से निकली थी. उसने छोटी बहन हबीबा के लिए कपड़े खरीदने की बात कही थी. परिवार को लगा कि वह बाजार जाएगी और खरीदारी करके लौट आएगी. लेकिन इसके बाद वह घर नहीं लौटी. पुलिस की पड़ताल में सामने आया कि समरीन सुबह करीब 11:46 बजे सुल्तानपुर निवासी अवनीश के साथ होटल सेलेश्टियल पहुंची थी. दोनों होटल के कमरा नंबर 1037 में ठहरे थे. शाम करीब छह बजे समरीन दसवीं मंजिल से नीचे गिर गई. घटना के बाद युवक के मौके से फरार होने की बात सामने आई है. यही घटनाक्रम अब जांच का अहम हिस्सा है. पुलिस को यह पता लगाना है कि होटल पहुंचने के बाद कमरे में क्या हुआ, समरीन किन परिस्थितियों में बालकनी तक पहुंची और उसके नीचे गिरने से ठीक पहले वहां क्या स्थिति थी. परिजनों के लिए यह महज एक मौत नहीं, बल्कि कई अनसुलझे सवालों से घिरी घटना है. वे जानना चाहते हैं कि उनकी बेटी के साथ आखिरी समय में क्या हुआ और क्या उसकी मौत को टाला जा सकता था.

Advertisement

किसी लड़की से ऐसी क्या दुश्मनी हो सकती है 

समरीन की मां के शब्दों में दर्द के साथ गुस्सा भी है. बेटी को खोने के बाद वह इस सवाल से जूझ रही हैं कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि उनकी बच्ची को अपनी जान गंवानी पड़ी. आजतक से बातचीत में मां ने न्याय की गुहार लगाते हुए कहा कि अगर समरीन उस युवक से प्यार करती थी, तो वह उससे शादी कर सकता था. उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर उसे मारने की नौबत क्यों आई और किसी लड़की से एक लड़के की ऐसी क्या दुश्मनी हो सकती है कि उसे दसवीं मंजिल से नीचे फेंक दिया जाए. मां के ये आरोप परिवार की आशंकाओं को सामने रखते हैं, लेकिन घटना की वास्तविक परिस्थितियां अभी जांच का विषय हैं. परिवार की मांग है कि मामले की निष्पक्ष जांच हो और अगर किसी ने समरीन के साथ गलत किया है, तो उसे कानून के मुताबिक सजा मिले.

चार महीने से परेशान करने का आरोप

समरीन के मौसा मोहम्मद शकील ने भी इस घटना में हत्या की आशंका जताई है. उनका आरोप है कि सुल्तानपुर निवासी अवनीश पिछले करीब चार महीने से समरीन के पीछे पड़ा था और उसे लगातार परेशान कर रहा था. परिजनों के मुताबिक, समरीन नखास इलाके में कपड़े लेने गई थी. उनका आरोप है कि वहां से युवक उसे बहला-फुसलाकर होटल ले गया. परिवार ने आशंका जताई है कि समरीन की पहले जान ली गई और फिर घटना को दूसरा रूप देने के लिए उसे दसवीं मंजिल से नीचे फेंक दिया गया. पुलिस के लिए अब यह जानना महत्वपूर्ण है कि समरीन और अवनीश के बीच किस तरह के संबंध थे. क्या दोनों एक-दूसरे को पहले से जानते थे? क्या उनके बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था? क्या समरीन ने कभी किसी तरह की परेशानी की शिकायत की थी? इन सवालों के जवाब मामले की कड़ियां जोड़ने में मदद कर सकते हैं.

Advertisement

समरीन की जिंदगी भी मुश्किल दौर से गुजर रही थी

इस घटना के बीच समरीन की निजी जिंदगी से जुड़ी कुछ बातें भी सामने आई हैं. परिजनों के अनुसार, करीब छह साल पहले उसकी शादी चौपटिया तंबाकू मंडी के पास हुई थी. शादी के बाद उसके एक बच्चे का जन्म हुआ, लेकिन छह महीने की उम्र में ही बच्चे की मौत हो गई. परिवार का कहना है कि शादी के करीब एक साल बाद से ही समरीन और उसके पति के बीच विवाद होने लगा था. दोनों के बीच मामला अदालत तक पहुंच गया था और मुकदमा लंबित था. परिजनों के मुताबिक, मंगलवार को इस मामले में पेशी भी होनी थी. 

पिता की पहले हो चुकी थी मौत, परिवार को बेटी से थीं उम्मीदें

समरीन लखनऊ के चौक इलाके की रहने वाली थी. परिवार में पांच बहनें और दो भाई हैं. उसके दोनों भाई विदेश में जरदोजी का काम करते हैं. बड़ा भाई इमरान सऊदी अरब में रहता है, जबकि छोटा भाई आमिर ओमान में है. परिजनों के मुताबिक, पिता की करीब 16 साल पहले मुंबई में मौत हो गई थी. पिता के निधन के बाद परिवार ने अपनी जिंदगी आगे बढ़ाई. मां और बहनें साथ रहती थीं. परिवार के लिए समरीन भी उसी घर का हिस्सा थी, जिसके साथ रोजमर्रा की जिंदगी की छोटी-छोटी बातें जुड़ी थीं. सोमवार को वह अपनी छोटी बहन के लिए कपड़े लेने निकली थी. लेकिन घर से निकलने और होटल की दसवीं मंजिल से गिरने के बीच क्या हुआ, इसका पूरा सच अभी सामने आना बाकी है.

Advertisement

पुलिस के सामने क्या हैं सबसे बड़े सवाल?

डीसीपी साउथ मोहम्मद मुश्ताक के मुताबिक, पुलिस ने समरीन के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मामले में दोनों के बैकग्राउंड, कॉल डिटेल्स और आपसी संबंधों की बारीकी से जांच की जा रही है. परिजनों की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. फरार युवक की तलाश में दबिश देने की बात भी सामने आई है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement