scorecardresearch
 

LPG की कमी से संकट में मुंबई-बेंगलुरु के रेस्टोरेंट्स, बची है सिर्फ 2 दिन की गैस, सरकार का आया बयान

मुंबई में LPG सिलेंडर की कमी अब होटल और रेस्टोरेंट इंडस्ट्री के लिए बड़ा संकट बनती जा रही है. इंडस्ट्री से जुड़े लोगों का कहना है कि यदि स्थिति जल्दी नहीं सुधरी तो अगले दो दिनों में शहर के कई रेस्टोरेंट बंद होने की नौबत आ सकती है.

Advertisement
X
ईरान, इराक और अमेरिका के बीच चल रही जंग का असर अब भारत में भी दिखने लगा है. (File Photo: PTI)
ईरान, इराक और अमेरिका के बीच चल रही जंग का असर अब भारत में भी दिखने लगा है. (File Photo: PTI)

मुंबई में LPG सिलेंडर की कमी का असर अब होटल और रेस्टोरेंट इंडस्ट्री पर दिखने लगा है. होटल और रेस्टोरेंट एसोसिएशन का दावा है कि यदि LPG की सप्लाई जल्द सामान्य नहीं हुई तो अगले दो दिनों में शहर के रेस्टोरेंट बंद होने की नौबत आ सकती है. कमर्शियल गैस की सप्लाई रुकने और डिलीवरी में देरी से हालात बिगड़ते जा रहे हैं.

इंडिया होटल्स एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन (AHAR) के अध्यक्ष विजय शेट्टी ने चेतावनी दी है कि गैस की कमी लगातार बढ़ रही है. उन्होंने कहा कि यही हाल रहा तो अगले दो दिनों में मुंबई के सभी रेस्टोरेंट्स को बंद करना पड़ सकता है. अभी तक एसोसिएशन के करीब 10 से 20 फीसदी मेंबर्स को गैस सप्लाई में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है. 

विजय शेट्टी का कहना है कि अब हालात तेजी से बिगड़ रहे हैं. मंगलवार तक यह संकट 60 फीसदी रेस्टोरेंट्स तक पहुंच सकता है. उसके अगले दिन तक 100 फीसदी रेस्टोरेंट्स पर असर पड़ने की आशंका है. उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को लेकर पेट्रोलियम मंत्री को पत्र लिखा गया है. महाराष्ट्र के सिविल सप्लाई मंत्री छगन भुजबल से भी संपर्क किया गया है.

तेल रिफाइनरियों को ज्यादा LPG उत्पादन का निर्देश

Advertisement

इसी बीच LPG संकट पर पेट्रोलियम और नेचुरल गैस मंत्रालय ने बयान जारी किया है. इसके मुताबिक, फ्यूल सप्लाई में मौजूदा जियोपॉलिटिकल रुकावटों और LPG सप्लाई में आई बाधाओं को देखते हुए तेल रिफाइनरियों को ज्यादा उत्पादन करने का निर्देश दिया है. मंत्रालय ने कहा है कि इस अतिरिक्त उत्पादन का इस्तेमाल घरेलू LPG की जरूरतों को पूरा करने के लिए किया जाएगा.

पेट्रोलियम और नेचुरल गैस मंत्रालय ने घरों में LPG सप्लाई को प्राथमिकता देने का फैसला किया है. इसके साथ ही जमाखोरी और ब्लैक मार्केटिंग रोकने के लिए 25 दिन का इंटर-बुकिंग पीरियड लागू किया गया है. इम्पोर्टेड LPG से होने वाली नॉन-डोमेस्टिक सप्लाई को फिलहाल अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों जैसे जरूरी सेक्टर को प्राथमिकता के आधार पर दिया जा रहा है.

वहीं अन्य नॉन-डोमेस्टिक सेक्टर में LPG सप्लाई से जुड़े मुद्दों की समीक्षा के लिए ऑयल मार्केटिंग कंपनियोंके तीन एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर की एक कमेटी बनाई गई है. यह कमेटी रेस्टोरेंट, होटल और अन्य इंडस्ट्री से जुड़े प्रतिनिधित्व की समीक्षा करेगी.

कमर्शियल सिलेंडर के बढ़े दाम, अफरा-तफरी का माहौल

उधर, मुंबई में रेस्टोरेंट संचालकों का कहना है कि उन्हें कमर्शियल LPG सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं. मुलुंड में होटल सागर चलाने वाली अन्नू शेट्टी ने बताया कि कई जगहों पर सिलेंडर की सप्लाई रुक गई है. जहां मिल भी रहे हैं वहां कीमत बढ़ गई है. उन्होंने कहा कि 1750 रुपए में मिलने वाला कमर्शियल LPG सिलेंडर अब करीब 1950 रुपए में दिया जा रहा है. 

Advertisement

सप्लाई कम होने के साथ कीमत भी बढ़ रही है. गैस की कमी का असर घरेलू उपभोक्ताओं पर भी दिखाई दे रहा है. जिन घरों में दो सिलेंडर हैं, वहां लोग जल्दी-जल्दी रिफिल बुक कराने लगे हैं. इसके चलते डीलर आउटलेट्स पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया है. घरेलू 14.2 किलोग्राम के सिलेंडर अभी उपलब्ध तो हैं, लेकिन उनकी डिलीवरी में देरी हो रही है. 

बुकिंग के बाद गैस मिलने में 2 से 8 दिन तक का इंतजार करना पड़ रहा है. उधर रेस्टोरेंट इंडस्ट्री से जुड़े लोगों का कहना है कि कमर्शियल गैस की कमी के कारण कुछ लोग घरेलू सिलेंडरों का इस्तेमाल कर सकते हैं. हालांकि डीलर इसे गैरकानूनी बताते हैं. इस बीच सरकार की ओर से कहा गया है कि कमर्शियल LPG सिलेंडर की सप्लाई पर कोई रोक नहीं है. 

चेन्नई होटल्स एसोसिएशन ने भी LPG पर जताई चिंता

रेस्टोरेंट इंडस्ट्री का कहना है कि इस स्थिति से सिर्फ होटल और रेस्टोरेंट्स ही नहीं, बल्कि आम लोगों के लिए भोजन की उपलब्धता पर भी असर पड़ सकता है. फूड इंडस्ट्री को एक जरूरी सेवा माना जाता है और यह कई अहम जगहों पर खाने की सप्लाई करती है. इसका असर सिर्फ मुंबई तक सीमित नहीं है. बैंगलोर और चेन्नई होटल्स एसोसिएशन ने भी चिंता जताई है.

Advertisement

चेन्नई होटल्स एसोसिएशन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर LPG सिलेंडर की बिना रुकावट सप्लाई सुनिश्चित करने की अपील की है. 9 मार्च 2026 को लिखे गए इस पत्र में कहा गया है कि कमर्शियल LPG सप्लाई में रुकावट से फूड और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर पर गंभीर असर पड़ सकता है. एसोसिएशन ने बताया कि फूड इंडस्ट्री चौबीसों घंटे काम करती है. 

यह अस्पतालों, आईटी पार्क, कॉलेज हॉस्टल, ट्रेन यात्रियों और बिजनेस ट्रैवलर्स तक भोजन पहुंचाने में अहम भूमिका निभाती है. ऐसे में गैस सप्लाई में कोई भी रुकावट सीधे लोगों की सुविधा को प्रभावित करेगी. चेन्नई होटल्स एसोसिएशन के प्रेसिडेंट एम रवि ने कहा कि उनके पास अभी सिर्फ दो दिन की गैस सप्लाई बची है. हालांकि, सरकार इसके लिए जरूरी कदम उठा रही है.

घरेलू सिलेंडर की सप्लाई को प्राथमिकता देने का निर्देश

सूत्रों के मुताबिक सरकार ने सभी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों को घरेलू कुकिंग गैस की सप्लाई को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया है. इसके तहत इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम जैसी कंपनियों को पहले घरेलू जरूरतों को पूरा करने के लिए कहा गया है. कस्टमर्स के बीच जमाखोरी रोकने के लिए सिलेंडर डिलीवरी का वेटिंग बढ़ा दिया गया है. 

सरकार वैकल्पिक स्रोतों से LPG सप्लाई बढ़ाने की कोशिश भी कर रही है. इसके लिए अल्जीरिया, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा और नॉर्वे समेत कई देशों में संभावित सप्लायर्स की तलाश की जा रही है. चेन्नई और बैंगलोर होटल एसोसिएशन के प्रतिनिधि 11 मार्च को पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी से मुलाकात कर सकते हैं. उम्मीद है कि गैस सप्लाई को लेकर ठोस समाधान निकल सकता है.

---- समाप्त ----
इनपुट- दिल्ली से ऐश्वर्या पाटिल
Live TV

Advertisement
Advertisement