
देश में अब दक्षिण-पश्चिम मॉनसून तेजी से आगे बढ़ रहा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, अगले 3-4 दिनों में उत्तर प्रदेश, राजस्थान और उत्तराखंड के कई इलाकों में मॉनसून के पहुंचने की अच्छी संभावना है. IMD के लेटेस्ट अपडेट के मुताबिक, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार और उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में मॉनसून के और आगे बढ़ने के लिए मौसम की स्थिति अनुकूल बनी हुई है.
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मॉनसून की उत्तरी सीमा (Northern Limit of Monsoon) लगातार उत्तर की ओर खिसक रही है. अगर परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो जल्द ही राजस्थान के पूर्वी हिस्सों, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के मैदानी एवं निचले इलाकों में मॉनसूनी हवाएं एक्टिव हो जाएंगी.

मौसम विभाग के अनुसार, मॉनसून मध्य भारत में मध्य प्रदेश तक पहुंच चुका है और पूर्व में बिहार को पूरी तरह कवर कर लिया है. गुरुवार को मॉनसून की उत्तरी सीमा सूरत, इंदौर, मंडला, डाल्टनगंज और मोतिहारी से होकर गुजर रही थी.
दिल्ली-NCR में आंधी-तूफान तो ईस्ट यूपी में हीटवेव का अलर्ट, मॉनसून पर जानें अपडेट
अनुकूल मौसमीय परिस्थितियों के साथ अगले कुछ दिनों में उत्तर प्रदेश के बाकी हिस्सों में मॉनसून के आगे बढ़ने के बाद यह उत्तराखंड के कुमाऊं क्षेत्र में दाखिल होगा. सामान्य रूप से उत्तराखंड में मॉनसून 25 जून तक पहुंच जाता है, लेकिन इस बार मॉनसून के पहुंचने में एक सप्ताह की देरी हो रही है.

IMD ने इन राज्यों में आंधी, गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं (40-60 किमी प्रति घंटा) का अलर्ट जारी किया है. यूपी के मौसम का बात करें तो पूर्वी उत्तर प्रदेश में 30 जून-1 जुलाई के दौरान भारी बारिश की संभावना है. जबकि पश्चिमी यूपी में 26 से 29 जून तक हल्की से मध्यम प्री मॉनसून बारिश हो सकती है.
हरिद्वार समेत कई जिलों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार को पहाड़ी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है. हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर जिलों में कुछ जगहों पर बहुत हल्की बारिश हो सकती है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.
28 जून से तेज होगी बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तराखंड में 28 जून से बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी. 29 जून को कुमाऊं क्षेत्र में कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना है. अगले तीन-चार दिनों तक उत्तराखंड के तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है.
आज के मौसम की बात करें तो देहरादून में अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है. आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और दोपहर के बाद कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है.
राजस्थान में भी मॉनसून की तैयारी
पूर्वी राजस्थान में 27 जून से 1 जुलाई तक आंधी-बारिश का अलर्ट है. जबकि पश्चिमी राजस्थान में 26-27 जून को तूफानी हवाएं चल सकती हैं. मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान में अगले चार-पांच दिनों तक गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाएं चलने की संभावना है. इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है.
हालांकि, 26 जून से 9 जुलाई तक राज्य के पश्चिमी और पूर्वी दोनों हिस्सों में बारिश सामान्य से कम रहने की संभावना है. दूसरे सप्ताह में पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में बारिश बढ़ सकती है, लेकिन पूरे राज्य में कुल मिलाकर बारिश कम ही रहेगी.