मानसा जिले के कस्बा बरेटा में अकाली दल के नेता काला जबंधा को अज्ञात नौजवानों ने गोली मार दी. गोली उनके पेट में लगी है. अकाली दल नेता को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है. सामने आया है कि काला जबंधा उस समय अपनी दुकान पर थे जब अचानक नौजवान ने गोली चला दी. पुलिस मामले की जांच कर रही है. काला जबंधा अकाली दल से ज़ोन इंचार्ज और ज़िला परिषद रहे हैं और सुखबीर बादल के करीबी बताए जाते हैं.
पुलिस के मुताबिक, यह घटना बरेटा कस्बे की अनाज मंडी में स्थित उनकी दुकान पर हुई. हमले में गोली उनके पेट में लगी, जिसके बाद उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, काला जबांधा अपनी दुकान बंद कर घर जाने की तैयारी कर रहे थे. तभी मोटरसाइकिल पर सवार एक युवक वहां पहुंचा और उन पर फायरिंग कर मौके से फरार हो गया. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हमलावर ने केवल एक ही गोली चलाई, जो सीधे उनके पेट में लगी. स्थानीय निवासी गुरजंत सिंह ने दावा किया कि हमलावर की उम्र करीब 20 वर्ष के आसपास थी.
घटना की सूचना मिलते ही पंजाब पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी की पहचान की जा सके. फिलहाल हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है. काला जबांधा शिरोमणि अकाली दल के जोन इंचार्ज और जिला परिषद सदस्य रह चुके हैं. उन्हें पार्टी प्रमुख और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल का करीबी नेता माना जाता है. पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.