आंध्र प्रदेश के एक लड़के और लड़की को शादी करनी थी. दोनों एक-दूसरे को करीब डेढ़ साल से जानते थे. साथ जिंदगी बिताने का इरादा था, लेकिन कथित तौर पर पैसों की कमी उनके रास्ते में आ रही थी. फिर शादी के लिए पैसे जुटाने का एक ऐसा प्लान बना, जिसने उनकी कहानी का रुख ही बदल दिया. दोनों ने हैदराबाद के एक मंदिर में 60 साल की महिला को निशाना बनाया. सुबह का वक्त चुना, जब मंदिर में ज्यादा लोग नहीं आते थे. महिला के पास मदद करने के बहाने पहुंचे और फिर उनके गले से तीन तोले की सोने की चेन छीनकर फरार हो गए.
मामला हैदराबाद के वनस्थलीपुरम इलाके का. पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की पहचान 23 साल के दुर्गा रमना रेड्डी और 24 साल की तेंका वरलक्ष्मी के तौर पर हुई है. दुर्गा आंध्र प्रदेश के माचेरला इलाके का रहने वाला है, जबकि वरलक्ष्मी काकीनाडा क्षेत्र से है. लेकिन इस कहानी की शुरुआत समझने के लिए 18 अक्टूबर की सुबह पर लौटना होगा.
यहां देखें वीडियो
18 अक्टूबर की सुबह करीब 6 बजकर 5 मिनट पर हैदराबाद के वनस्थलीपुरम स्थित श्री राजराजेश्वरी मंदिर में 60 साल की रामुलम्मा अपने काम में लगी थीं. सुबह का समय था. मंदिर में अभी लोगों की ज्यादा भीड़ नहीं थी. पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान एक युवक और युवती वहां पहुंचे. दोनों ने रामुलम्मा से ऐसे बात की, जैसे वे उनके काम में मदद करना चाहते हों. महिला को अंदाजा नहीं था कि मदद के बहाने उनके पास आने वाले दोनों उन्हें निशाना बनाने वाले हैं.
यह भी पढ़ें: शादी, सुहागरात और सस्पेंस...फेरों से 15 दिन पहले ही पहुंची ससुराल,देशराज-अनिता की लव स्टोरी में कई ट्विस्ट
आरोप है कि दोनों ने रामुलम्मा का मुंह दबाया और उनके गले से सोने की चेन छीन ली. इसके बाद दोनों दोपहिया वाहन से वहां से निकल गए. चेन कोई मामूली नहीं थी. पुलिस के मुताबिक, उसका वजन करीब तीन तोला था. यानी वारदात में सोने की अच्छी-खासी कीमत का सामान गया. रामुलम्मा के साथ हुई इस घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. अब सवाल था कि मंदिर में सुबह-सुबह पहुंचकर वारदात करने वाले ये दोनों लोग कौन थे और कहां गए?
डेढ़ साल का रिश्ता, शादी की तैयारी और पैसों की परेशानी
पुलिस की जांच में जिन दो लोगों के नाम सामने आए, वे एक-दूसरे को पहले से जानते थे. पुलिस के मुताबिक, दुर्गा रमना रेड्डी और तेंका वरलक्ष्मी के बीच करीब डेढ़ साल से प्रेम संबंध था. दोनों शादी करना चाहते थे. लेकिन शादी करने के लिए सिर्फ एक-दूसरे का साथ काफी नहीं होता. घर-परिवार, खर्च और जिंदगी शुरू करने की जरूरतें भी सामने आती हैं. पुलिस का दावा है कि दोनों आर्थिक तंगी से जूझ रहे थे और शादी के लिए पैसे जुटाना चाहते थे. इसी जरूरत के चलते उन्होंने चोरी की प्लानिंग की.

वारदात के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की. जांच में मंदिर और आसपास के इलाकों के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई. पुलिस ने दूसरे सुरागों के आधार पर भी उनकी गतिविधियों को ट्रैक करने की कोशिश की. पुलिस के मुताबिक, जांच शुरू होने के कुछ ही घंटों के भीतर दोनों की पहचान कर ली गई थी. 20 अक्टूबर को सुबह करीब 9 बजे दोनों को कमलानायक के पास से पकड़ लिया गया.
अब पुलिस इस मामले के दूसरे पहलुओं की भी जांच कर रही है. चोरी की गई सोने की चेन कहां है, क्या वारदात में किसी और ने मदद की थी और घटना को अंजाम देने के लिए कितनी तैयारी की गई थी, जैसे सवालों के जवाब जांच से सामने आ सकते हैं. फिलहाल दोनों आरोपी गिरफ्तार हैं और पुलिस मामले की जांच कर रही है.