केरल के कोल्लम में गांजा बरामद होने के बाद डॉक्टर पर पुलिसकर्मियों से मारपीट करने का आरोप लगा है. आरोपी डॉक्टर अजस खान के होटल के कमरे से तीन ग्राम गांजा बरामद हुआ था. अधिकारियों के मुताबिक, घटना बुधवार की है. कंट्रोल रूम के पुलिसकर्मियों को कमरा नंबर 107 में झगड़े की सूचना मिली थी.
जिसके बाद रात करीब 12.20 बजे पुलिस होटल डोना कैसल पहुंचे. पुलिस का आरोप है कि कमरे में दाखिल होते ही खान ने पुलिसकर्मियों को गालियां दीं और उनके साथ मारपीट की. उसी वक्त कमरे में एक महिला डॉक्टर भी थी, जो कि पुलिस के पहुंचने पर रो रही थी. पुलिस ने शक जताया कि अजस ने महिला डॉक्टर से भी पहले मारपीट की होगी. इसी दौरान होटल के कमरे से तीन ग्राम गांजा भी मिला.
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दो मामले दर्ज किए. एक खान के खिलाफ पुलिसकर्मियों से मारपीट का और दूसरा दोनों डॉक्टरों के खिलाफ गांजा रखने से जुड़ी धाराओं में दर्ज हुआ. गांजा की कम मात्रा के कारण दोनों को नशीले पदार्थ के मामले में जमानत मिल गई.
यह भी पढ़ें: केरल: पारस्साला में भूस्खलन के बाद बेपटरी हुआ इंजन, अब रेल सेवा बहाल
हालांकि, मारपीट के मामले में खान को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है. 29 साल का अजस खान तिरुवनंतपुरम के पट्टम का रहने वाला है और कोल्लम में डॉक्टरी करता है. महिला डॉक्टर कोच्चि के वेन्नला की रहने वाली हैं.
कमरे से मिला गांजा और रोलिंग पेपर
तलाशी में पुलिस ने मेज पर छोटा पैकेट देखा, जिसमें गांजे के पौधे की सूखी पत्तियां, फूल और फल वाले ऊपरी हिस्से थे. पुलिस के मुताबिक, खान ने कथित तौर पर कहा कि उसने गांजा खुद इस्तेमाल करने के लिए खरीदा था. कमरे से गांजा लपेटकर पीने में इस्तेमाल होने वाले ओसीबी रोलिंग पेपर भी मिले.
पुलिस ने खान की मेडिकल जांच कराई, ताकि यह पता चल सके की आरोपी मारपीट के वक्त नशे में था या नहीं. पुलिस ने कहा है कि खून की जांच रिपोर्ट जल्द आएगी.