अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने ऐतिहासिक उंडावल्ली गुफाओं में योग किया. इस दौरान उनके साथ योग गुरु बाबा रामदेव भी नजर आए. सीएम नायडू ने बताया कि वो बाबा रामदेव को पिछले 30 सालों से जानते हैं, जिन्होंने योग को जन-जन तक पहुंचाया है.
दरअसल छठी और सातवीं शताब्दी की उंडावल्ली गुफाओं में योग करने का एक विशेष आध्यात्मिक महत्व है. इन गुफाओं में भगवान पद्मनाभ स्वामी विराजमान हैं.
बाबा रामदेव की तारीफ करते हुए सीएम नायडू ने कहा, मैं रामदेव बाबा को 30 साल से जानता हूं. रामदेव बाबा ने योग को आम लोगों तक पहुंचाया है. हजारों लोग अपनी मर्जी से रामदेव बाबा से योग की ट्रेनिंग लेने आते हैं. देश के लोगों की तरफ से, मैं रामदेव बाबा का शुक्रिया अदा करता हूं कि उन्होंने योग को लोगों के बीच अच्छे से पॉपुलर बनाया.
अमरावती के लिए जमीन देने वाले किसानों का जताया आभार
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा, 'हम देवताओं की राजधानी अमरावती से प्रेरणा लेकर जनता की राजधानी बना रहे हैं. मैं उन किसानों को धन्यवाद देता हूं जिन्होंने राजधानी के लिए अपनी जमीन दी. हम अमरावती को नेट जीरो नीति के आधार पर पूरी तरह प्रदूषण-मुक्त राजधानी के रूप में विकसित कर रहे हैं.'
सीएम नायडू ने एक दिलचस्प तुलना करते हुए कहा, 'मैं पिछले 30 सालों से टेक्नोलॉजी को बढ़ावा दे रहा हूं, जबकि बाबा रामदेव योग को बढ़ावा दे रहे हैं. हमें बिना लत वाली टेक्नोलॉजी के नजरिए पर चलना होगा. अध्यात्म और योग हमें इसे हासिल करने में मदद करेंगे.'
उन्होंने कहा कि योग शरीर और मन को जोड़ता है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योग को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई है. आज दुनिया के 190 देश अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मना रहे हैं. प्रधानमंत्री अध्यात्म के जरिए 'विकसित भारत' के निर्माण में जुटे हैं, हमें उन्हें सहयोग देना चाहिए.
आंध्र प्रदेश बनेगा देश का आध्यात्मिक केंद्र
मुख्यमंत्री ने बाबा रामदेव से अपील की कि वो आंध्र प्रदेश को पूरे देश का आध्यात्मिक केंद्र बनाने में मदद करें. उन्होंने विजयवाड़ा और अमरावती के अलग-अलग हिस्सों में योग का प्रचार-प्रसार करने के लिए बाबा रामदेव को धन्यवाद दिया. नायडू ने भावी पीढ़ी को अच्छे मूल्य सौंपने और योग को एक आंदोलन के रूप में अपनाने की बात कही.
यह भी पढ़ें: 500 नावें, हुगली नदी और 35 हजार लोग... अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर कोलकाता में दिखेगा अनोखा नजारा
'संजीवनी' प्रोजेक्ट से बढ़ेगी सेहत
जनता के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए आंध्र प्रदेश सरकार 'संजीवनी' प्रोजेक्ट लागू कर रही है. मुख्यमंत्री ने बताया कि इस संजीवनी कार्यक्रम में योग और प्राणायाम को भी शामिल किया जा रहा है. इस योजना में इलाज से ज्यादा बीमारी की रोकथाम पर जोर दिया जा रहा है. इसके साथ ही, राज्य में हरियाली को 50 प्रतिशत तक बढ़ाने के कदम उठाए जा रहे हैं.
आंध्र प्रदेश में नेचुरल फार्मिंग को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे अब तक 20 लाख किसान जुड़ चुके हैं. सरकार का लक्ष्य जनता को पूरी तरह केमिकल-मुक्त फसलें और अनाज मुहैया कराना है.