उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में गुरुवार शाम लखनऊ-दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस पर पथराव की घटना सामने आई है. जिस समय यह घटना हुई, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत भी ट्रेन में सवार थे, राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी यात्री को चोट नहीं आई और मोहन भागवत पूरी तरह सुरक्षित हैं.
पुलिस के अनुसार, यह घटना गुरुवार शाम करीब 7:45 बजे फिरोजाबाद रेलवे स्टेशन के पास एतावा-टूंडला रेलखंड पर स्थित पेमेश्वर गेट पुल के नजदीक हुई. बताया जा रहा है कि किसी ने 12003 अप लखनऊ-दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस के एक कोच पर पत्थर फेंक दिया. पत्थर लगने से कोच के शीशे को नुकसान पहुंचा, जिसके बाद रेलवे अधिकारियों में हड़कंप मच गया. सूत्रों के मुताबिक, आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत कानपुर से ट्रेन के ई-1 कोच में सवार हुए थे और दिल्ली की ओर यात्रा कर रहे थे. घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे प्रशासन और स्थानीय पुलिस तत्काल सक्रिय हो गई.
सूचना मिलने के बाद फिरोजाबाद के पुलिस अधीक्षक आदित्य लांघे, आगरा रेल पुलिस अधीक्षक अनिल झा और नगर पुलिस अधीक्षक रवि शंकर प्रसाद समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस का कहना है कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि पत्थर किसने और किस उद्देश्य से फेंका. घटना स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. अधिकारियों को उम्मीद है कि फुटेज की मदद से आरोपी की पहचान की जा सकेगी.
रेलवे और पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है. सुरक्षा एजेंसियां भी घटना को गंभीरता से लेते हुए यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि यह महज शरारत का मामला था या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी. अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और जांच जारी है.