
दिल्ली प्रदेश युवा कांग्रेस (DPYC) ने रविवार को पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद नई दिल्ली के विभिन्न जगहों पर 'धन्यवाद राहुल गांधी' के होर्डिंग्स लगाए हैं. युवा कांग्रेस ने इस घटनाक्रम को छात्रों के अटूट संघर्ष की बड़ी जीत करार दिया है.
दिल्ली प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष अक्षय लाकड़ा ने कहा कि मोदी सरकार में जिस इस्तीफे को नामुमकिन माना जा रहा था, वह छात्रों के निरंतर आंदोलन और राहुल गांधी के नेतृत्व में चलाए गए कांग्रेस के अभियान का परिणाम है.
DPYC अध्यक्ष ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान का पद छोड़ना छात्रों के लगातार चल रहे आंदोलन की ताकत को दिखाता है. उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी के प्रति युवाओं के समर्थन और आभार को प्रदर्शित करने के उद्देश्य से ही राजधानी के प्रमुख जगहों पर ये होर्डिंग्स लगाए गए हैं.

अक्षय लाकड़ा ने स्पष्ट किया कि धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बावजूद युवा कांग्रेस का आंदोलन खत्म नहीं हुआ है और ये आगे भी जारी रहेगा. उन्होंने बताया कि संगठन की दो प्रमुख मांगें अभी भी लंबित हैं. इनमें पहली मांग प्रदर्शनकारी छात्रों पर कथित बर्बरता करने वालों पर सख्त कार्रवाई करना है.

संगठन की दूसरी प्रमुख मांग ये है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद सामने आएं और देशभर के छात्रों से माफी मांगें. कांग्रेस के अनुसार, युवा कांग्रेस का आंदोलन अभी जारी रहेगा.