मध्य प्रदेश के बुरहानपुर में एक सराफा दुकान पर ग्राहक बनकर तीन महिलाएं पहुंचीं और करीब 45 लाख रुपये के सोने के जेवर पार कर दिए. महिलाओं ने गहने दिखाने के दौरान दुकानदार का ध्यान भटकाया और एक बॉक्स साड़ी में छिपा लिया. इसके बाद तीनों दुकान से बाहर निकल गईं. दुकान में लगे CCTV कैमरों में ये घटना कैद हो गई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी है.
मामला बुरहानपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र में फव्वारा चौक स्थित सराफा दुकान का है. सोमवार शाम करीब 6 बजे तीन महिलाएं ग्राहक बनकर दुकान पर पहुंचीं. दुकान में उन्हें सोने के गहने दिखाए जाने लगे. इसी दौरान महिलाओं ने कथित तौर पर दुकानदार का ध्यान भटकाया. आरोप है कि मौका देखकर उनमें से एक महिला ने जेवरों से भरा बॉक्स अपनी साड़ी में छिपा लिया. इसके बाद तीनों कुछ देर दुकान में रुकीं और फिर बाहर निकल गईं.
यह भी पढ़ें: हैदराबाद में दिनदहाड़े महिंद्रा थार की स्टेपनी चोरी, CCTV में कैद हुई वारदात
दुकानदार को शुरुआत में बॉक्स गायब होने का पता नहीं चला. करीब 15 मिनट बाद जब उसे सामान कम होने का शक हुआ, तो उसने दुकान में लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी. फुटेज में महिलाओं की गतिविधियां दिखाई देने की बात कही गई है. इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई.
दुकान के बाहर बाइक पर साथी इंतजार कर रहे थे?
दुकान से निकलने के बाद महिलाओं के साथियों की भूमिका भी सामने आई है. बताया गया है कि सड़क किनारे हेलमेट पहने एक व्यक्ति बाइक के साथ खड़ा था. तीनों महिलाओं में से एक उसके साथ बाइक पर बैठ गई, जबकि बाकी दो महिलाएं आगे बढ़ीं और फिर एक बाइक पर सवार होकर वहां से निकल गईं. आशंका जताई जा रही है कि चोरी में दूसरे लोग भी शामिल हो सकते हैं. हालांकि, कितने लोग इस वारदात में शामिल थे और उनकी आपस में क्या भूमिका थी, यह पुलिस जांच के बाद ही साफ होगा.
पुलिस को CCTV फुटेज मिले, तलाश शुरू
बुरहानपुर के सिटी एसपी विनोद सिंह कुशवाह ने बताया कि घटना कोतवाली थाना क्षेत्र में फव्वारा चौक स्थित अनिल अग्रवाल की लक्ष्मण किशोर जुगलकिशोर सराफा दुकान पर हुई है. घटना सोमवार शाम करीब 6 बजे की है. मामले से जुड़े कुछ CCTV फुटेज पुलिस को मिले हैं और आरोपियों तक पहुंचने के लिए मुखबिरों को भी एक्टिव किया गया है. जल्द आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा. फिलहाल पुलिस की जांच जारी है. आरोपियों की पहचान, चोरी गए जेवरों की बरामदगी और घटना में दूसरे लोगों की भूमिका को लेकर अंतिम जानकारी जांच के बाद ही सामने आएगी.