नई दिल्ली में स्कूटी सवार एक युवती को वीडियो रील बनाना भारी पड़ गया. बिना हेलमेट स्कूटी चलाने वाली युवती ने अपनी रील सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दी थी. सूचना मिलने पर ट्रैफिक पुलिस ने वाहन नंबर से युवती का पता लगाया. जांच में स्कूटी चालक युवती के पास ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं मिला. इसको लेकर पुलिस ने अब गाड़ी मालिक को 6000 रुपए का चालान भेजा है. साथ ही ट्रैफिक नियमों के पालन की समझाइश देते हुए पुलिस ने एक वीडियो भी शेयर किया है.
वीडियो में देखा जा सकता है कि लहंगे और नेकलेस समेत गहनों से सजी एक युवती स्कूटी ड्राइव कर रही है. साथ-साथ बैकग्राउंड में बॉलीवुड फिल्म 'हनीमून ट्रेवल्स प्रा. लिमिटेड' का गाना 'सजना जी वारी वारी' भी बज रहा है और नजदीक चल रही दूसरी गाड़ी पर सवार शख्स उसका वीडियो रिकॉर्ड कर रहा है.
गौर करने पर राष्ट्रीय राजधानी के कीर्ति नगर इलाके की यह सड़क मालूम होती है. वहीं, साफ पता चलता है कि दुल्हन बनी युवती ही सोशल मीडिया पर शेयर करने के लिए स्कूटी चलाते हुए अपना वीडियो रिकॉर्ड करवा रही है.
जब तेज रफ्तार स्कूटी चलाते हुए निकली युवती का वीडियो वायरल हुआ तो यातायात पुलिस की इंटरनेट मीडिया सेल ने स्कूटी की नंबर प्लेट के आधार पर वाहन मालिक का नाम-पता जुटाया. जिसके बाद युवती का नाम और पता मालूम चला. फिर जांच में पता चला कि उसके पास ड्राइविंग लाइसेंस तक नहीं है.
इसके बाद दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने युवती को बिना हेलमेट और ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाने के मामले में दंडस्वरूप 6000 रुपए का चालान भेजा. यही नहीं, युवती की रील की प्रतिक्रिया में 'बेवकूफियां' गाने का वीडियो शेयर कर सड़क सुरक्षा नियम न तोड़ने की हिदायत भी दी.
Going 'Vaari Vaari Jaaun' on the road for a REEL makes your safety a REAL WORRY!
— Delhi Police (@DelhiPolice)
Please do not indulge in acts of BEWAKOOFIYAN! Drive safe.
दरअसल, वायरल वीडियो में एक हाथ छोड़कर और लहराते हुए स्कूटी चलाने वाली युवती को कोई फिक्र ही नहीं थी. ऐसे में किसी भी तरह का सड़क हादसा हो सकता था. इस एक लापरवाही से किसी की भी जान खतरे में पड़ सकती थी.
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस रोड पर नियम तोड़कर गाड़ी चलाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है. दुपहिया वाहन चालकों से लगातार अपील की जा रही है कि अपने जीवन को इस प्रकार की वीडियो और रील्स बनाने के चक्कर में जोखिम में न डालें.
ये भी पढ़ें:- फिल्मी स्टाइल में लड़की को बाइक पर उठा ले गए भाई, सामने आया वीडियो