प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी मां से जुड़े एक AI वीडियो मामले में दिल्ली पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है. दिल्ली पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस स्पेशल सेल ने इस मामले में नोटिस जारी किया है. ये वीडियो कांग्रेस पार्टी के बिहार के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल @INCBihar से पोस्ट किया गया था.
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की टीम पटना पहुंची और बिहार कांग्रेस मुख्यालय 'सदाकत आश्रम' के बाहर नोटिस लगाया है. पुलिस इस मामले से जुड़े एक मोबाइल नंबर की जांच कर रही है, जो बिहार कांग्रेस से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है.
दिल्ली पुलिस की ओर से जारी नोटिस में अमित कुमार मंडल को खासतौर पर तलब किया गया है. जांच के सिलसिले में उन्हें 5 नवंबर 2026 को सुबह 11:00 बजे नई दिल्ली के भरत नगर, न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी स्थित काउंटर इंटेलिजेंस स्पेशल सेल के दफ्तर में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है.
दिल्ली पुलिस ने मांगे सिम कार्ड और फोन
नोटिस के मुताबिक, अमित कुमार मंडल को पूछताछ के लिए अपने साथ कुछ जरूरी दस्तावेज और चीजें लाने को कहा गया है. इनमें संबंधित मोबाइल नंबर का सिम कार्ड और 1 जुलाई 2025 से अब तक इस्तेमाल किए गए वो सभी मोबाइल हैंडसेट (जिनमें इस नंबर का इस्तेमाल किया गया हो) शामिल हैं.
यह भी पढ़ें: सरदार पटेल को PM मोदी ने किया नमन, एकता नगर में 400 करोड़ के डेवलपमेंट प्रोजेक्ट की सौगात
इसके अलावा @INCBihar एक्स हैंडल का आधिकारिक इस्तेमाल करने वाले व्यक्ति का नाम, 1 जुलाई 2025 से 31 दिसंबर 2025 तक इस एक्स अकाउंट को इस्तेमाल करने के लिए अधिकृत लोगों की लिस्ट भी मांगी गई है.