गुजरात के अहमदाबाद एयरपोर्ट पर कस्टम्स विभाग की एयर इंटेलिजेंस यूनिट (AIU) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 13 करोड़ रुपये से ज्यादा कीमत का हाइड्रोपोनिक्स गांजा जब्त किया है. बैंकॉक से थाई एयरवेज की फ्लाइट में पहुंचे दो यात्रियों के ट्रॉली बैग से कुल 13.012 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ. दोनों आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है.
दरअसल, यह कार्रवाई सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर की गई. कस्टम्स अधिकारियों को खुफिया जानकारी मिली थी, जिसके आधार पर यात्रियों की प्रोफाइलिंग और गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी. इसी दौरान थाई एयरवेज की फ्लाइट नंबर TG-343 से बैंकॉक से अहमदाबाद पहुंचे दो यात्रियों पर संदेह हुआ. अधिकारियों ने उन्हें जांच के लिए रोक लिया.
यह भी पढ़ें: खेलते-खेलते 3 साल की बच्ची की सांस की नली में फंस गया सीताफल का बीज, अहमदाबाद के डॉक्टरों ने बचाई जान
इसके बाद दोनों यात्रियों के चेक-इन ट्रॉली बैग की एक्स-रे स्कैनिंग की गई. स्कैनिंग के दौरान बैग के अंदर संदिग्ध वस्तुएं दिखाई दीं. इसके बाद अधिकारियों ने दोनों बैग खोलकर उनकी गहन तलाशी ली, जिसमें वैक्यूम-सीलबंद कुल 14 पैकेट बरामद हुए.
14 पैकेट में मिला 13.012 किलो हाइड्रोपोनिक्स गांजा
कस्टम्स अधिकारियों ने पैकेटों में मिले पदार्थ की प्राथमिक जांच की. ड्रग डिटेक्शन किट से सत्यापन करने पर इसकी पहचान हाइड्रोपोनिक्स गांजा (Hydroponic Weed) के रूप में हुई. अधिकारियों ने कुल 13.012 किलोग्राम गांजा जब्त किया है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 13 करोड़ रुपये बताई जा रही है.
मामले में कस्टम्स विभाग ने एनडीपीएस एक्ट, 1985 की संबंधित धाराओं के तहत दोनों यात्रियों को गिरफ्तार कर लिया है. अधिकारियों ने जब्त किए गए मादक पदार्थ के साथ दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
तस्करी के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी कस्टम्स टीम
अब कस्टम्स विभाग इस बात की जांच कर रहा है कि हाइड्रोपोनिक्स गांजा कहां से लाया गया था और अहमदाबाद में इसकी डिलीवरी किसे दी जानी थी. अधिकारियों को आशंका है कि इसके पीछे तस्करी का नेटवर्क हो सकता है. दोनों यात्रियों से पूछताछ कर इस पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है.