राजधानी दिल्ली में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार ने सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया है. सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली पुलिस की मदद के लिए 20 अतिरिक्त अर्धसैनिक बलों की कंपनियां तैनात की गई हैं. हाल के दिनों में CJP के विरोध-प्रदर्शन और सुरक्षा संबंधी हालात को देखते हुए यह फैसला लिया गया है.
सूत्रों के अनुसार, इससे पहले भी पश्चिम बंगाल से केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की 20 कंपनियां दिल्ली भेजी गई थीं. अब नई तैनाती के बाद राजधानी में 50 से अधिक अर्धसैनिक बलों की कंपनियां दिल्ली पुलिस के साथ कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी संभालेंगी.
जानकारी के मुताबिक, अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था के तहत CRPF, रैपिड एक्शन फोर्स (RAF), सीमा सुरक्षा बल (BSF), भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) और सशस्त्र सीमा बल (SSB) के जवान दिल्ली पुलिस के साथ विभिन्न संवेदनशील इलाकों में तैनात किए जाएंगे.
यह भी पढ़ें: CJP प्रोटेस्ट के बीच दिल्ली पुलिस का बड़ा फैसला, अपने सभी कर्मियों की छुट्टियां रद्द की
सूत्रों का कहना है कि इन बलों की तैनाती का उद्देश्य राजधानी में शांति व्यवस्था बनाए रखना, किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पुलिस की क्षमता बढ़ाना और सार्वजनिक सुरक्षा को सुनिश्चित करना है. हाल के दिनों में प्रदर्शन के दौरान हुई घटनाओं के बाद सुरक्षा एजेंसियां किसी भी तरह की स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क हैं.
दिल्ली पुलिस पहले ही अपने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की नियमित छुट्टियां अगले आदेश तक रद्द कर चुकी है. अब अतिरिक्त अर्धसैनिक बलों की तैनाती के साथ राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है.
सूत्रों के मुताबिक, सुरक्षा एजेंसियां लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त संसाधन भी तैनात किए जा सकते हैं. फिलहाल राजधानी के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को बहुस्तरीय बनाया गया है ताकि कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में रहे.