बेंगलुरु में यौन उत्पीड़न के आरोपों के कारण जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी (JNU) से हटाए गए कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजम की गिरफ्तारी की मांग करते हुए कांग्रेस दफ्तर के बाहर विरोध प्रदर्शन कर रहीं बीजेपी की महिला कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया गया.
बीजेपी महिला मोर्चा ने सोमवार को दिल्ली समेत कई जगहों पर विरोध प्रदर्शन किया और मणिपुर से कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजम के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.
अकोइजम को छात्राओं के यौन उत्पीड़न के आरोपों के कारण जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी (JNU) से बर्खास्त कर दिया गया था. बता दें, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) के प्रोफेसर अंगोमचा बिमोल अकोइजम के खिलाफ FIR भी दर्ज की गई है. पुलिस के अनुसार, 11 अक्टूबर को विश्वविद्यालय के मुख्य सुरक्षा अधिकारी की शिकायत पर वसंत कुंज उत्तर थाने में मामला दर्ज किया गया है.
JNU ने 9 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश में अकोइजम को तत्काल प्रभाव से सेवा से हटाने की जानकारी दी थी. यह फैसला मामले की जांच और आंतरिक समिति की सिफारिशों के आधार पर लिया गया.
प्रोफेसर अंगोमचा बिमोल अकोइजाम ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज किया था. उन्होंने आरोप लगाने वालों और इस मामले को लेकर अभियान चलाने वालों पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की जा रही है.
यूनिवर्सिटी ने बताया कि प्रोफेसर अकोइजम के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोपों की जांच आंतरिक समिति ने की थी. समिति ने जांच के बाद उनके खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की सिफारिश की. इसके बाद यूनिवर्सिटी ने तथ्यों और समिति की रिपोर्ट पर विचार करते हुए उन्हें सेवा से बर्खास्त करने का फैसला लिया.