बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव की मतगणना सोमवार सुबह 8 बजे से पटना में कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुई. शुरुआती रुझानों में जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर बढ़त बनाते नजर आए हैं. यह उनका पहला चुनाव है और उनकी बढ़त ने इस हाई-प्रोफाइल मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया है.
बांकीपुर लंबे समय से बीजेपी का अभेद्य गढ़ माना जाता है. 1995 से इस सीट पर बीजेपी को हार का सामना नहीं करना पड़ा है. यह सीट बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा जाने के बाद खाली हुई थी, जिसके चलते उपचुनाव कराया गया. 30 जुलाई को हुए मतदान में 34.30 प्रतिशत वोट पड़े, जो पिछले विधानसभा चुनाव की तुलना में करीब 7 प्रतिशत कम रहे.
यह भी पढ़ें: LIVE: तीन राज्य-तीन सीटों की लड़ाई... बांकीपुर, दतिया और मांजलपुर में रुझान आने शुरू
इस बार चुनाव में कुल 26 उम्मीदवार मैदान में हैं. बीजेपी ने युवा मोर्चा के नेता नीरज कुमार सिन्हा को उम्मीदवार बनाया, जबकि राजद ने एक बार फिर रेखा गुप्ता पर दांव लगाया. शुरुआत में बीजेपी ने अभिषेक कुमार सिन्हा को टिकट दिया था, लेकिन उन्होंने नामांकन के बाद पारिवारिक कारणों का हवाला देकर चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया था.
मतगणना शुरू होने से पहले बीजेपी नेताओं ने जीत का भरोसा जताते हुए 200 किलो लड्डू तैयार कराए थे. पार्टी नेताओं का कहना था कि नीरज कुमार सिन्हा की जीत तय है और सुबह 11 बजे से कार्यकर्ताओं के बीच लड्डू बांटे जाएंगे.
यह भी पढ़ें: बांकीपुर में महज 34% वोटिंग... बीजेपी, आरजेडी और प्रशांत किशोर की जन सुराज के लिए क्या मैसेज?
हालांकि शुरुआती रुझानों में प्रशांत किशोर की बढ़त ने मुकाबले को रोमांचक बना दिया है. अब सभी की नजरें अंतिम नतीजों पर टिकी हैं, क्योंकि यह चुनाव हालिया छात्र आंदोलनों के बाद जनता, खासकर युवाओं के राजनीतिक रुझान का भी संकेत माना जा रहा है.