scorecardresearch
 

किराया मांगने पर चाकू से धमकाया, फिर गायब हुआ किराएदार... कमरे से मिले 85 लाख के नकली नोट

नागपुर के एक किराए के मकान से पुलिस ने लगभग 85 लाख रुपये के नकली नोट बरामद किए हैं. आरोपी पुष्पक कृष्णा भंडारकर ने मकान किराए पर लिया था और लंबे समय से किराया नहीं दिया था. पुलिस ने पूरी तरह छपे 37 लाख रुपये और आधे छपे 48 लाख रुपये के नकली नोट जब्त किए हैं और अब आरोपी की तलाश कर रही है.

Advertisement
X
कमरे में बाल्टी में नकली नोटों के बंडल और प्रिंटर मिले. (Photo: ITGD)
कमरे में बाल्टी में नकली नोटों के बंडल और प्रिंटर मिले. (Photo: ITGD)

महाराष्ट्र पुलिस ने नागपुर के एक किराए के मकान से लगभग 85 लाख रुपये के नकली नोट बरामद किए है. मकान का किराएदार पिछले कई महीनों से किराया नहीं दे रहा था और लंबे समय से लापता था. पुलिस ने मौके से 37 लाख रुपये के पूरी तरह से छपे हुए नकली नोट और 48 लाख रुपये के आधे-अधूरे छपे नोट जब्त किए हैं.

आरोपी किराएदार की पहचान पुष्पक कृष्णा भंडारकर उर्फ बेंडाने के रूप में हुई है. पुष्पक ने करीब डेढ़ साल पहले नागपुर के खारबी इलाके में रमेश नाम के व्यक्ति का मकान किराए पर लिया था.

पुष्पक का रेंट एग्रीमेंट इसी साल जनवरी में खत्म हो गया था, लेकिन उसने न तो एग्रीमेंट रिन्यू कराया और न ही मकान खाली किया. उसने पिछले कई महीनों से किराया देना भी बंद कर दिया था.

किराया मांगने पर मकान मालिक को धमकाया

जब मकान मालिक रमेश ने उससे कमरा खाली करने को कहा, तो पुष्पक ने उसे चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी. इसके बाद रमेश ने स्थानीय पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने गैर-संज्ञेय मामला दर्ज किया.

बाल्टी में मिले नोटों के बंडल और प्रिंटर

कुछ समय बाद पुष्पक ने कमरे में आना बंद कर दिया और काफी दिनों तक गायब रहा. मकान मालिक को जब शक हुआ, तो उसने कमरे का ताला तोड़ दिया. अंदर का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए. कमरे के अंदर बाल्टी में नोटों के बंडल, जमीन पर बिखरे कागज और एक प्रिंटर रखा हुआ था. 

Advertisement

रमेश ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर नकली नोटों और छापने वाले टूल्स को अपने कब्जे में ले लिया. तलाशी के दौरान पुलिस ने 500 के 37 लाख रुपये के पूरी तरह छपे नकली नोट बरामद किए. इसके अलावा लगभग 48 लाख रुपये के ऐसे नोट मिले, जो सिर्फ एक तरफ से छपे थे और दूसरी तरफ से कोरे थे.

यह भी पढ़ें: सहारनपुर PNB करेंसी चेस्ट में मिले 17.29 करोड़ के नकली नोट, NIA के हत्थे चढ़े दो मुख्य आरोपी

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

जब्त की गई कुल नकली मुद्रा का आकलन करने के लिए नोट गिनने की मशीन बुलाई गई थी. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आरोपी पुष्पक के मुंबई में होने की आशंका है. पुलिस उसे गिरफ्तार करने के लिए एक टीम भेजने की तैयारी कर रही है और मामले की आगे की जांच जारी है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement