scorecardresearch
 

'दो घंटे हो गए हैं', मुंबई-पुणे एक्सप्रेस-वे पर भारी ट्रैफिक जाम में फंसी रहीं सुप्रिया सुले

लॉन्ग वीकेंड और 'मिसिंग लिंक' प्रोजेक्ट के उद्घाटन की वजह से मुंबई-पुणे एक्सप्रेस-वे पर आज जाम लग गया. इस जाम में सांसद सुप्रिया सुले भी करीब दो घंटे तक फंसी रहीं, जिससे वह अपने तय कार्यक्रम में नहीं पहुंच सकीं. खंडाला घाट में गाड़ियों की मीलों लंबी कतारों के कारण हजारों मुसाफिरों और पर्यटकों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी. हालांकि यह नया रास्ता भविष्य में सफर आसान बनाने के लिए है, लेकिन पहले ही दिन इसने जनता का पसीना छुड़ा दिया.

Advertisement
X
सांसद सुप्रिया सुले ने वीडियो शेयर कर दिखाया जाम का दर्द (File Photo)
सांसद सुप्रिया सुले ने वीडियो शेयर कर दिखाया जाम का दर्द (File Photo)

मुंबई-पुणे एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार (आज) को ऐसा हाल रहा कि लोग अपनी गाड़ियों में कैद होकर रह गए. हुआ ये कि लंबा वीकेंड होने के कारण सड़कों पर पहले से ही दबाव था, वहीं 'मिसिंग लिंक' के उद्घाटन कार्यक्रम के चलते ट्रैफिक और बढ़ गया. इसी भारी जाम के बीच एनसीपी सांसद सुप्रिया सुले की गाड़ी भी फंस गई और वो करीब दो घंटे तक सड़क पर ही अटकी रहीं. घाट वाले इलाके में तो गाड़ियों की ऐसी लंबी कतारें लगीं कि हजारों मुसाफिरों का पूरा दिन सड़क पर ही बीत गया.

सुप्रिया सुले ने जब देखा कि जाम खुलने का नाम नहीं ले रहा, तो उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो डालकर वहां का हाल दिखाया. उन्होंने बताया कि कैमरे से देखने पर घाट की पहाड़ियां भले ही सुंदर लग रही हों, लेकिन सड़क पर फंसे लोगों का बुरा हाल है. इतना ही नहीं उन्होंने वहां एक मुसाफिर से बात की जो सुबह 7 बजे ठाणे से निकला था, लेकिन घंटों बाद भी वहीं अटका हुआ था. सबसे ज्यादा दिक्कत उन बच्चों और बुजुर्गों को हुई जो इस गर्मी में जाम के बीच फंसे रहे. जाम इतना तगड़ा था कि सुप्रिया सुले पुणे में झंडा फहराने के कार्यक्रम में भी नहीं पहुंच पाईं और उनकी जगह सांसद वंदना चव्हाण को यह रस्म पूरी करनी पड़ी.

ट्रैफिक की यह मुसीबत सिर्फ आज की नहीं है. अभी दो दिन पहले एक्ट्रेस सोनाली कुलकर्णी भी मानखुर्द के पास 5 घंटे तक जाम में फंसी रही थीं. दरअसल, जब भी छुट्टियां होती हैं, तो मुंबई और पुणे से लोग भारी संख्या में सतारा, कराड और कोल्हापुर की तरफ निकलने लगते हैं, जिससे हाईवे पर बोझ बहुत ज्यादा बढ़ जाता है.

Advertisement

सड़कें बनीं पार्किंग लॉट और रेंगती रहीं गाड़ियां

इस पूरे बवाल की सबसे बड़ी वजह वो भीड़ रही जो लोनावला और आसपास के इलाकों में घूमने निकली थी. इसकी वजह से हाईवे किसी पार्किंग लॉट जैसा दिखने लगा. अमृतंजन ब्रिज से लेकर खोपोली एग्जिट तक जिधर देखो उधर सिर्फ गाड़ियां ही गाड़ियां थीं. पुलिस ने स्थिति सुधारने के लिए बीच-बीच में गाड़ियों को रोका भी, लेकिन भीड़ इतनी ज्यादा थी कि कोई भी तरीका काम नहीं आया.

अब जान लेते हैं कि आखिर इस 'मिसिंग लिंक' की वजह से इतनी चर्चा क्यों हो रही है. दरअसल, मुंबई और पुणे के बीच का सफर आसान बनाने के लिए यह करीब 13 किलोमीटर लंबा एक नया रास्ता तैयार किया गया है. यह नया रूट इसलिए खास है क्योंकि यह लोनावला-खंडाला के उस पुराने घाट सेक्शन को छोड़ते हुए सीधा निकल जाता है, जहां अक्सर जाम और हादसे होते हैं. 1 मई से इसे आम जनता के लिए खोल दिया गया है. सरकार को उम्मीद है कि इस नए रास्ते से लोगों का काफी समय बचेगा, लेकिन इसके उद्घाटन के पहले ही दिन जिस तरह का भारी ट्रैफिक देखा गया, उसने मुसाफिरों की हालत खराब कर दी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement