scorecardresearch
 

महाराष्ट्र में कोर्ट के सामने फायरिंग, मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने आदमी के सिर में मारी गोली, मौत

महाराष्ट्र के चंद्रपुर से गोलीबारी की घटना सामने आई है, जहां दो मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने कोर्ट के सामने एक व्यक्ति के सिर में गोली मार दी और मौके से फरार हो गए.

Advertisement
X
अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. (Photo: Representational)
अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. (Photo: Representational)

महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले के राजुरा शहर में सोमवार शाम करीब 6 बजे न्यायालय के सामने नारियल पानी की दुकान के पास हुई गोलीबारी की घटना से सनसनी फैल गई. मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों ने 32 वर्षीय विनोद उर्फ पापा जाधव पर सामने से गोली चला दी, गोली सीधे सिर में लगी , हमले में गंभीर रूप से घायल विनोद को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल में भेजा गया लेकिन वहां उसकी मौत हो गई.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विनोद रोजाना की तरह नारियल पानी की दुकान के पास बैठा था , इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक वहां पहुंचे. इनमें से एक युवक ने अचानक विनोद को निशाना बनाते हुए गोली चला दी, हमला करने वालों की उम्र 20 से 22 वर्ष के बताई जा रही है , वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मोटरसाइकिल से मौके से फरार हो गए.

अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. आसपास मौजूद नागरिकों ने तत्काल घायल विनोद को राजुरा उपजिला अस्पताल पहुंचाया. हालांकि, हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें चंद्रपुर रेफर कर दिया.

घटना की जानकारी मिलते ही राजुरा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का पंचनामा किया. अस्पताल परिसर में भी बड़ी संख्या में नागरिकों की भीड़ जमा हो गई थी. इस बीच पुलिस ने हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है.

Advertisement

बताया जा रहा है कि विनोद सोमणाथपुर के निवासी हैं. उन पर हमला किस वजह से किया गया और हमलावर कौन थे, इसका अभी तक स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

राजुरा शहर में इससे पहले भी गोलीबारी की गंभीर घटनाएं सामने आ चुकी हैं. जानकारी के अनुसार, ऐसी घटनाओं में अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें एक महिला भी शामिल है. ऐसे में न्यायालय के सामने, शहर के भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई ताजा फायरिंग ने कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

भीड़भाड़ वाले परिसर में हुई इस वारदात के बाद नागरिकों में भय का माहौल है. स्थानीय लोगों ने पुलिस से आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है. मामले की आगे की जांच राजुरा पुलिस थाने के प्रभारी निरीक्षक नितीन चिंचोलकर के मार्गदर्शन में जारी है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement