झारखंड के पलामू में मॉब लिंचिंग की घटना सामने आई है. पदवा थाना क्षेत्र के तेलियाही गांव में 22 साल के युवक पवन राम की ग्रामीणों ने बैटरी चोरी के शक में पीट-पीटकर हत्या कर दी.
न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस के अनुसार, शनिवार देर रात करीब 12:30 बजे सूचना मिली कि एक व्यक्ति को वाहन की बैटरी चोरी के आरोप में पकड़कर ग्रामीणों ने बांध रखा है. मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने देखा कि युवक को बुरी तरह पीटा गया था. उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
बैटरी चोरी के शक में ग्रामीणों ने बांधकर की पिटाई
पलामू की एसपी रीश्मा रामेसन ने बताया कि मामले में अब तक एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है. हिरासत में लिए गए व्यक्ति की पहचान परसनाथ मेहता (35) के रूप में हुई है. अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
एसडीपीओ राजेश कुमार ने इसे स्पष्ट रूप से मॉब लिंचिंग का मामला बताया है. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(2) सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है. पुलिस को मृतक के पास से कोई चोरी की बैटरी बरामद नहीं हुई है.
मॉब लिंचिंग पर सख्त कार्रवाई की मांग
पुलिस का यह भी कहना है कि जांच में यह आशंका भी सामने आई है कि युवक संभवतः किसी परिचित से मिलने गया था, लेकिन ग्रामीणों ने उसे चोरी के आरोप में पकड़ लिया. मामले की विस्तृत जांच जारी है. पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड की देखरेख में मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कराया जा रहा है और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी की जा रही है.
इधर, झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और वरिष्ठ भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए राज्य सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में दलितों, गरीबों और आदिवासियों के खिलाफ अत्याचार की घटनाएं बढ़ रही हैं. मरांडी ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है.