scorecardresearch
 

धूप से बचने को बंद कार में घुसे दो मासूम, दम घुटने से 5 साल की बच्ची की दर्दनाक मौत

चाईबासा में तेज धूप से बचने के लिए कार में बैठना एक मासूम बच्ची के लिए जानलेवा साबित हुआ. बंद कार के भीतर दम घुटने से 5 वर्षीय इशानी गोप की मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद एक अन्य बच्चा किसी तरह बाहर निकल आया. इस दर्दनाक हादसे ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है.

Advertisement
X
कार के अंदर दम घुटने से बच्ची की मौत (Photo: itg)
कार के अंदर दम घुटने से बच्ची की मौत (Photo: itg)

झारखंड के चाईबासा शहर के टुंगरी मोहल्ले में मंगलवार को एक ऐसी दर्दनाक घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया.तेज धूप से राहत पाने के लिए सड़क किनारे खड़ी एक कार में घुसे दो मासूम बच्चों में से एक बच्ची की दम घुटने से मौत हो गई. इस हादसे के बाद पूरे शहर में शोक की लहर दौड़ गई है.

जानकारी के अनुसार, सदर थाना क्षेत्र के एसपीजी मिशन कंपाउंड निवासी अंकित गोप और 5 साल की इशानी गोप घर से स्कूल जाने के लिए निकले थे. इसी दौरान टुंगरी स्थित ग्रीन फ्लैट के सामने सड़क किनारे खड़ी एक कार में दोनों बच्चे धूप से बचने के लिए जाकर बैठ गए. लेकिन उन्हें इस बात का अंदाजा नहीं था कि कुछ ही देर में कार का बंद केबिन उनके लिए जानलेवा साबित हो जाएगा.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार के भीतर ऑक्सीजन की कमी होने लगी और दोनों बच्चों की हालत बिगड़ने लगी. किसी तरह अंकित कार से बाहर निकलने में सफल रहा, लेकिन नन्हीं इशानी अंदर ही फंस गई. बंद कार के भीतर वह काफी देर तक तड़पती रही और बेहोश हो गई.

घबराए अंकित ने घर पहुंचकर परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी.सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और बच्ची को कार से बाहर निकालकर तत्काल चाईबासा सदर अस्पताल ले गए. हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.

Advertisement

मासूम इशानी की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया.अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था. वहीं इस हृदयविदारक घटना ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement