जम्मू-कश्मीर पुलिस के किश्तवाड़ जिला पुलिस बल को एक बड़ी कामयाबी मिली है. पुलिस ने गायब हुए स्पेशल पुलिस ऑफिसर बशीर अहमद की सनसनीखेज हत्या के मामले को सुलझा लिया है. पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार और मृतक का छिपाया गया सामान भी बरामद कर लिया है. मामले की जानकारी देते हुए अधिकारियों ने बताया कि 15 अक्टूबर को किश्तवाड़ के त्रिगाम पुलिस पिकेट से SPO बशीर अहमद अपनी सर्विस राइफल के साथ संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए थे.
परिजनों ने उनके लापता होने की सूचना दी थी जिसके बाद पुलिस हरकत में आई. पुलिस ने अलग-अलग टीमें बनाकर किश्तवाड़ और आसपास के इलाकों में एक तलाशी अभियान शुरू किया था.
जंगल के गड्ढे में दफनाया मिला था शव
16 अक्टूबर को पुलिस टीमों को त्रिगाम के सेरन वानी जंगल के पास एक नाले में बने गड्ढे से एसपीओ बशीर अहमद का शव बरामद हुआ. आरोपी ने हत्या के बाद उनके शव को गड्ढे में दफना दिया था. पुलिस ने मौके से SPO की सर्विस राइफल भी बरामद कर ली थी.
इस वारदात के बाद किश्तवाड़ पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर लिया है.
दो रिश्तेदार आरोपी गिरफ्तार, साजिश का पर्दाफाश
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने दो संदिग्धों की पहचान की। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सेरन वानी (त्रिगाम) निवासी बशीर अहमद डार (पुत्र अब्दुल अजीज डार) और नजीर अहमद डार (पुत्र बशीर अहमद डार) के रूप में हुई है.
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया और SPO की हत्या के पीछे की साजिश और मकसद का खुलासा कर दिया. आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल हथियार और छिपाया गया बाकी सामान बरामद कर लिया है.