हरियाणा के सोनीपत जिले के गांव पीरगढ़ी में एक युवक की संदिग्ध मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है. गांव के खेतों में स्थित पीर बाबा की मजार के अंदर युवक का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान गांव पीरगढ़ी निवासी प्रदीप के रूप में हुई है. वह एक पेट्रोल पंप पर नौकरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था. उसके परिवार में पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं, जबकि उसकी पत्नी आठ महीने की गर्भवती है.
यह भी पढ़ें: सोनीपत में शराब कारोबारी के घर ताबड़तोड़ फायरिंग, पुरानी रंजिश में मचा हड़कंप
बताया जा रहा है कि प्रदीप रोज की तरह घर से ड्यूटी पर जाने के लिए निकला था. लेकिन कुछ समय बाद उसका शव गांव के बाहर खेतों में बनी पीर बाबा की मजार के अंदर फंदे से लटका मिला. घटना की खबर फैलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई.
मौत से पहले का कथित वीडियो आया सामने
इस मामले में मौत से पहले का एक कथित ऑडियो-वीडियो भी सामने आया है, जिसने पूरे मामले को और अधिक चर्चाओं में ला दिया है. वायरल हो रहे वीडियो में प्रदीप कथित तौर पर यह कहते हुए दिखाई और सुनाई दे रहा है कि वह अपनी मर्जी से यह कदम उठा रहा है.
वीडियो में वह किसी तरह के दबाव, धमकी या जबरदस्ती से भी इनकार करता नजर आ रहा है. हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वायरल वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है और फॉरेंसिक जांच के बाद ही इस पर कोई निष्कर्ष निकाला जाएगा.
फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो को भी जांच का अहम हिस्सा मानकर उसकी तकनीकी जांच करा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वीडियो कब और किन परिस्थितियों में बनाया गया था.
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
वहीं, दूसरी ओर मृतक के परिजन आत्महत्या की बात मानने को तैयार नहीं हैं. उनका कहना है कि प्रदीप सुबह पूरी तरह सामान्य और खुश होकर ड्यूटी के लिए निकला था. ऐसे में उसके आत्महत्या करने का कोई कारण नहीं था.
परिजनों का आरोप है कि प्रदीप की हत्या करने के बाद उसके शव को फांसी के फंदे पर लटकाया गया है, ताकि मामले को आत्महत्या का रूप दिया जा सके. उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है.
परिवार का कहना है कि प्रदीप की मौत से घर का इकलौता कमाने वाला सदस्य चला गया. अब गर्भवती पत्नी और दो छोटे बच्चों का भविष्य भी संकट में पड़ गया है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पर टिकी निगाहें
गन्नौर थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस वायरल वीडियो, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य तकनीकी पहलुओं की भी जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है.
फिलहाल पुलिस ने किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया है. जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि यह मामला आत्महत्या का है या फिर इसके पीछे कोई अन्य वजह है.