हरियाणा में पानीपत के गांव नारा में एक दंपती राजेश और सुमन ने घरेलू कलह से परेशान होकर सल्फास खाकर आत्महत्या कर ली. स्वजनों ने आरोप लगाया है कि उनका अपनी बहू स्नेहा से उसके कपड़ों और रहन-सहन को लेकर विवाद होता था. मृतकों की पहचान 46 साल के राजेश और उनकी 44 साल की पत्नी सुमन के रूप में हुई है.
राजेश और सुमन का इकलौता बेटा आशीष है. करीब दो वर्ष पहले उसकी पहचान दिल्ली निवासी स्नेहा से फेसबुक और इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी. दोनों के बीच प्रेम संबंध बने और बाद में जनवरी 2025 में परिवार की सहमति से लव-कम-अरेंज मैरिज हुई थी.
'पहनावे को लेकर अक्सर होती थी कहासुनी'
शुरुआत में परिवार को उम्मीद थी कि बहू के आने से घर में खुशियां आएंगी, लेकिन शादी के कुछ समय बाद ही घर में विवाद शुरू हो गए. बताया जा रहा है कि स्नेहा दिल्ली के मॉर्डन माहौल में पली-बढ़ी थी और गांव के पारंपरिक वातावरण में खुद को ढाल नहीं पा रही थी.
'फ्रीडम' में दखल से होता था घरेलू क्लेश
उसके पहनावे और रहन-सहन को लेकर घर में अक्सर कहासुनी होती रहती थी.राजेश और सुमन चाहते थे कि बहू गांव और परिवार की मर्यादाओं के अनुसार रहें, जबकि स्नेहा इसे अपनी फ्रीडम में दखल मानती थी. धीरे-धीरे यह विवाद गंभीर घरेलू क्लेश में बदल गया.
बहू ने कई बार सास- ससुर को पीटा भी
परिजनों ने आरोप लगाया कि स्नेहा कई बार सास सुमन के साथ बदसलूकी और मारपीट भी करती थी, जिससे माता-पिता मानसिक रूप से बेहद आहत रहने लगे थे. शनिवार दोपहर बाद घर में फिर किसी बात को लेकर विवाद हुआ. इसके बाद तनाव में आकर राजेश और सुमन ने जहरीला पदार्थ निगल लिया. हालत बिगड़ने पर दोनों को तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया गया. वहां डॉक्टरों ने सुमन को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर हालत में राजेश को पीजीआईएमएस रेफर किया गया. रविवार सुबह उपचार के दौरान उनकी भी मौत हो गई.