हिसार के सेक्टर-13 में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. जहां शिक्षिका की उसके ही पति ने कपड़े के प्रेस से वार कर जान ले ली. इसके बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया. मृतका की पहचान सोनिया के रूप में हुई है, जो संत नगर की रहने वाली थी. फिलहाल सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के अनुसार सोनिया का विवाह करीब 8 साल पहले सेक्टर-13 निवासी सौरभ के साथ हुआ था. सौरभ टूर एंड ट्रैवल का काम करता है, जबकि सोनिया एक निजी स्कूल में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थी. बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो इतना बढ़ गया कि आरोपी ने सोनिया पर कपड़े प्रेस करने वाली इस्त्री से हमला कर दिया. आरोप है कि उसने सोनिया की छाती पर वार किया और बाद में गला दबाकर उसकी हत्या कर दी.
पुलिस ने प्रेस भी किया बरामद
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल भिजवाया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया और साक्ष्य जुटाए गए. घटनास्थल से कपड़े प्रेस करने वाली इस्त्री भी बरामद की गई है, जिसे हत्या में इस्तेमाल किए जाने का संदेह है.
मृतका के परिजनों ने इस मामले में गंभीर आरोप लगाए हैं. सोनिया के भाई ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए कहा कि उसकी बहन को लंबे समय से दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था. उनका आरोप है कि सौरभ के साथ-साथ उसके परिवार के अन्य सदस्य भी सोनिया को परेशान करते थे. भाई ने यह भी दावा किया कि परिवार में चल रहे संपत्ति विवाद के कारण सोनिया को अक्सर मोहरा बनाया जाता था.
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
मृतका की बड़ी बहन शालू ने भी बताया कि शादी के कुछ महीनों बाद से ही सोनिया को प्रताड़ना झेलनी पड़ रही थी. उन्होंने आरोप लगाया कि करीब तीन महीने पहले भी सोनिया का गला दबाने की कोशिश की गई थी, जिस पर पंचायत भी हुई थी. इसके बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ. शालू का कहना है कि सोनिया अपनी बेटी के भविष्य के लिए सब कुछ सहन कर रही थी.
वहीं, पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच जारी है. किशोर लाल ने बताया कि मृतका के भाई के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जा रही है. महिला के शरीर पर चोट के कई निशान पाए गए हैं. पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश जारी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा.