गुरुग्राम के बंधवाड़ी इलाके में शुक्रवार को क्राइम ब्रांच की टीम और गैंगस्टर दीपक नांदल के शूटरों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में एक बदमाश की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया. इस दौरान एक पुलिसकर्मी को भी गोली लगी है, जिसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है. दोनों आरोपी हाल ही में पंजाब से गिरफ्तार किए गए थे और इन्हें हथियार बरामदगी के लिए मौके पर ले जाया गया था.
मारे गए बदमाश की पहचान गुरशेर के तौर पर हुई है, जबकि घायल आरोपी का नाम जसपाल बताया गया है. दोनों पंजाब के रहने वाले हैं और बॉलीवुड सिंगर राहुल फाजिलपुरिया के इवेंट मैनेजर सौरभ यादव के घर के बाहर हुई फायरिंग के मुख्य आरोपी बताए जा रहे हैं.
गुरुग्राम में पुलिस और शूटरों के बीच मुठभेड़
जानकारी के मुताबिक, 2 मई को गुरुग्राम के कन्हई गांव में सौरभ यादव के घर के बाहर फायरिंग की गई थी. इस घटना में सौरभ यादव का एक सुरक्षा कर्मी घायल हो गया था. मामले की जांच के दौरान पुलिस ने दो दिन पहले ही गुरशेर और जसपाल को पंजाब से गिरफ्तार किया था.
पुलिस के अनुसार, क्राइम ब्रांच की टीम दोनों आरोपियों को बंधवाड़ी के जंगलों में हथियार बरामद करने के लिए लेकर गई थी. आरोपियों ने पुलिस को बताया था कि उन्होंने वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्टल एक गड्ढे में छिपा रखी है. जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपियों ने गड्ढे से हथियार निकाला, तभी अचानक दोनों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी.
बताया जा रहा है कि मुठभेड़ के दौरान करीब 10 राउंड गोलियां चलीं. बदमाशों की फायरिंग में एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया. इसके बाद पुलिस ने अपने बचाव में जवाबी फायरिंग की, जिसमें गुरशेर और जसपाल दोनों को गोली लगी. दोनों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान गुरशेर की मौत हो गई, जबकि जसपाल का इलाज जारी है.
गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि दोनों आरोपी पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश कर रहे थे. इसी दौरान उन्होंने पुलिस पर हमला कर दिया, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी. इस मुठभेड़ के बाद अब पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है. जांच इस बात की भी की जा रही है कि आखिर बदमाशों को हथियार निकालने का मौका कैसे मिला और क्या सुरक्षा व्यवस्था में कोई चूक हुई थी.
पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश पड़ी भारी
पुलिस अधिकारी यह भी पता लगाने में जुटे हैं कि क्या आरोपियों ने पहले से हमला करने की योजना बना रखी थी. फिलहाल घायल पुलिसकर्मी और जसपाल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. दोनों की निगरानी की जा रही है और मामले की जांच जारी है.