गुड़गांव में अपनी बेटी की फोन पर बात करने की आदत से एक शख्स इतना नाराज हुआ कि उसकी हत्या कर दी और लाश एक स्कूल बस के टूल बॉक्स में डाल दी. आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. मामले को ऑनर किलिंग से जोड़कर देखा जा रहा है.
पुलिस आयुक्त आलोक मित्तल ने बताया कि संजय नाम के शख्स ने अपने भतीजे अमीन के साथ मिलकर 19 अगस्त को अपनी बेटी की पिटाई की, फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी.
आरोपी ने पुलिस से कहा कि उसकी बेटी मोबाइल फोन पर बहुत बात करती थी.
मित्तल ने बताया, '18 अगस्त को उसकी बेटी जब मोबाइल पर बात कर रही थी, संजय गुस्सा हो गया और उसकी पिटाई कर दी. इसके बाद उसने अमीन के साथ शराब पी और 19 अगस्त की सुबह 4 बजे बेटी का गला दबा दिया.'
उन्होंने बताया कि बेटी की हत्या के बाद उसने शव को सेक्टर-5 के मैदान में खड़ी एक स्कूल बस के टूल बॉक्स में छुपा दिया. बस ड्राइवर को शव का पता 21 अगस्त को चला जब टूल बाक्स से बदबू आने लगी. पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी
मित्तल ने बताया कि संजय ने जब शव की पहचान की, तो उसके बयान पर पुलिस को शक हुआ और उसे और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया गया.