scorecardresearch
 

'हैप्पी बर्थडे सर...' सुनते ही आगबबूला हुआ टीचर, छात्र को बुरी तरह पीटा

गुजरात के वडोदरा स्थित लिटिल फ्लावर स्कूल में 13 वर्षीय छात्र प्रेम चुनारा को शिक्षक जयेश परमार को जन्मदिन की शुभकामना देना भारी पड़ गया. आरोप है कि 'हैप्पी बर्थडे' कहने पर शिक्षक ने उसे क्लास से बाहर ले जाकर थप्पड़ों से पीटा, जिससे उसके कान में गंभीर चोट आई. दर्द बढ़ने पर छात्र ने परिजनों को घटना बताई. जिसके बाद उसे अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया.

Advertisement
X
टीचर की पिटाई से छात्र के कान में आई है चोट. (photo: Screengrabs)
टीचर की पिटाई से छात्र के कान में आई है चोट. (photo: Screengrabs)

गुजरात के वडोदरा से गुरु-शिष्य के रिश्ते को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है. यहां एक 13 वर्षीय छात्र को अपने शिक्षक को जन्मदिन की शुभकामनाएं देना महंगा पड़ गया. आरोप है कि शिक्षक ने छात्र को क्लास से बाहर ले जाकर थप्पड़ों से बेरहमी से पीटा, जिससे उसके कान में गंभीर चोट आई. फिलहाल घायल छात्र का इलाज सयाजी अस्पताल में चल रहा है, जबकि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

हैप्पी बर्थडे बोलते ही भड़क गया शिक्षक
यह घटना वडोदरा के खांडेराव मार्केट इलाके में सिद्धनाथ तालाब के पास स्थित लिटिल फ्लावर स्कूल की है. यहां कक्षा 6 में पढ़ने वाले 13 वर्षीय प्रेम चुनारा ने अपने शिक्षक जयेश परमार को उनके जन्मदिन पर 'हैप्पी बर्थडे' कहकर शुभकामनाएं दी थीं. आरोप है कि इस बात से शिक्षक नाराज हो गया और छात्र को क्लास से बाहर ले जाकर कई थप्पड़ मार दिए.

मारपीट के बाद डरा-सहमा छात्र घर पहुंचा, लेकिन उसने डर के कारण परिजनों को घटना की जानकारी नहीं दी. बाद में जब उसके कान में तेज दर्द शुरू हुआ तो उसने रोते हुए पूरी घटना अपने परिवार को बताई. इसके बाद परिजन उसे इलाज के लिए सयाजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर उसका उपचार कर रहे हैं.

पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलने पर छात्र के पिता सतीश चुनारा स्कूल पहुंचे और नवापुरा पुलिस थाने में आरोपी शिक्षक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. घायल छात्र की बहन ने बताया कि स्कूल में कुछ बच्चे शिक्षक को 'हैप्पी बर्थडे' कह रहे थे. उनके भाई ने भी शिक्षक को जन्मदिन की बधाई दी, लेकिन शिक्षक अचानक गुस्से में आ गए और उसे क्लास से बाहर ले जाकर पीट दिया. 

Advertisement

घटना के बाद से उनका भाई काफी डरा हुआ है और उसके कान में चोट आई है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. वहीं, इस घटना ने स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा और शिक्षकों के व्यवहार को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

(रिपोर्ट- तुषार पटेल)

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement