scorecardresearch
 

'50 लाख नहीं दिए तो लाश मिलेगी', पत्नी को भेजा खुद के किडनैपिंग का वीडियो, पुलिस ने होटल से पकड़ा

गुजरात के सूरत में ऑप्शन ट्रेडिंग में 50 से 60 लाख रुपये गंवाने के बाद एक अकाउंटेंट ने पैसे वसूलने के लिए खुद के अपहरण का फर्जी ड्रामा रच दिया. उसने पत्नी को धमकी भरे मैसेज और बंधक बनाए जाने का वीडियो भेजकर 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी. पुलिस ने तकनीकी जांच के जरिए आरोपी को गोधरा के एक होटल से गिरफ्तार कर लिया.

Advertisement
X
ऑप्शन ट्रेडिंग में हुआ था 50 से 60 लाख का नुकसान.(Photo: Sanjay Singh J Rathod/ITG)
ऑप्शन ट्रेडिंग में हुआ था 50 से 60 लाख का नुकसान.(Photo: Sanjay Singh J Rathod/ITG)

गुजरात के सूरत शहर से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने पुलिस के साथ-साथ आम लोगों को भी हैरान कर दिया. यहां एक अकाउंटेंट ने ऑप्शन ट्रेडिंग में हुए भारी नुकसान की भरपाई करने के लिए खुद के अपहरण का फर्जी नाटक रच डाला. उसने अपनी पत्नी के मोबाइल पर अपहरणकर्ता बनकर 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी और खुद को बंधक बनाए जाने का वीडियो भी भेज दिया.

मामला सूरत के मोटा वराछा इलाके का है. यहां के रहने वाले 36 वर्षीय जिग्नेश तलाविया ने अपनी ही पत्नी को हिंदी में धमकी भरा मैसेज भेजा. मैसेज में लिखा था कि अगर 50 लाख रुपये नहीं मिले तो उसकी लाश मिलेगी. साथ ही पुलिस के पास जाने या बैंक खाता बंद कराने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई थी.

यह भी पढ़ें: सूरत: चाकू से 6 वार, एक मौत, मामा ने भांजे को उतारा मौत के घाट, जानें पूरा मामला

मैसेज के साथ एक वीडियो भी भेजा गया, जिसमें जिग्नेश खुद को बंधक बना हुआ दिखा रहा था. वीडियो देखने के बाद परिवार घबरा गया और पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी गई.

पत्नी ने दर्ज कराई थी गुमशुदगी की शिकायत

मोटा वराछा के भक्तिनंदन सेक्टर-2 निवासी मिनाक्षीबेन तलाविया ने 12 जून को उत्तराण पुलिस स्टेशन में अपने पति की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत के बाद पुलिस उसकी तलाश में जुट गई.

Advertisement

इसी दौरान जिग्नेश के मोबाइल से पत्नी के फोन पर धमकी भरा मैसेज और वीडियो आया. फिरौती की मांग और जान से मारने की धमकी मिलने के बाद पुलिस ने मामले को अपहरण मानते हुए तत्काल विशेष जांच शुरू कर दी.

उत्तराण पुलिस स्टेशन के पीआई एच.आर. गोस्वामी के नेतृत्व में कई टीमें बनाई गईं. पुलिस ने ह्यूमन इंटेलिजेंस, सीसीटीवी फुटेज और टेक्निकल सर्विलांस की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की.

देखें वीडियो...

गोधरा की होटल से सही-सलामत मिला जिग्नेश

जांच के दौरान पुलिस को पहले आरोपी की लोकेशन मध्य प्रदेश के उज्जैन की तरफ मिली. हालांकि लगातार लोकेशन बदलने के कारण पुलिस उसकी गतिविधियों पर नजर बनाए रही.

बाद में एक और वीडियो सामने आया, जिसमें जिग्नेश को रस्सी से बंधा हुआ दिखाया गया था और उसकी लाश भेजने की धमकी दी गई थी. पुलिस को वीडियो के बैकग्राउंड और ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर शक हुआ कि यह वीडियो गोधरा में बनाया गया है.

इसके बाद पुलिस ने पंचमहल जिले के गोधरा स्थित शिव होटल में दबिश दी. 15 जून की दोपहर करीब 1 बजे जिग्नेश को होटल से पूरी तरह सुरक्षित बरामद कर लिया गया.

पूछताछ में खुल गई पूरी साजिश

गोधरा से सूरत लाकर जब पुलिस ने जिग्नेश से कड़ाई से पूछताछ की तो उसने पूरा सच उगल दिया. उसने स्वीकार किया कि अपहरण की पूरी कहानी उसने खुद ही बनाई थी.

Advertisement

उसने बताया कि पत्नी और परिवार से 50 लाख रुपये हासिल करने के लिए उसने खुद हिंदी में फिरौती वाला मैसेज टाइप किया था. इतना ही नहीं, उसने खुद को बंधक दिखाने वाला वीडियो भी स्वयं रिकॉर्ड किया था.

पुलिस के सामने उसने लाइव डेमो देकर यह भी दिखाया कि किस तरह उसने खुद को रस्सियों से बांधा और मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड कर पत्नी को भेजा था.

ऑप्शन ट्रेडिंग में हुआ था 50 से 60 लाख का नुकसान

पुलिस जांच में सामने आया कि जिग्नेश मूल रूप से गुजरात के बोटाद जिले के गढ़डा तहसील के रतनाल गांव का रहने वाला है. वह सूरत में एक निजी कंपनी में अकाउंटेंट की नौकरी करता था.

डीसीपी लखदीर सिंह झाला ने बताया कि जिग्नेश सामान्य जीवन जी रहा था, लेकिन जल्दी ज्यादा पैसा कमाने की चाह में स्टॉक मार्केट की कॉल और पुट ऑप्शन ट्रेडिंग में सक्रिय हो गया. इसी दौरान उसे करीब 50 से 60 लाख रुपये का नुकसान हुआ.

सूरत

इसी नुकसान की भरपाई के लिए उसने अपने परिवार और रिश्तेदारों से पैसे निकलवाने की योजना बनाई और खुद के अपहरण का फर्जी ड्रामा रच दिया.

पुलिस ने दर्ज किया केस

डीसीपी लखदीर सिंह झाला ने बताया कि पुलिस ने शुरुआत से ही हर एंगल से जांच की. ह्यूमन इंटेलिजेंस और टेक्निकल सर्विलांस के जरिए यह स्पष्ट हो गया था कि मामला संदिग्ध है और अपहरण से ज्यादा किसी साजिश की ओर इशारा कर रहा है.

Advertisement

पूछताछ में यह भी सामने आया कि पिछले कुछ दिनों से जिग्नेश काफी तनाव में था और गुमसुम रहने लगा था. हालांकि उसकी पत्नी को उसके ट्रेडिंग में हुए नुकसान और इस पूरी योजना की जानकारी नहीं थी.

पुलिस ने जिग्नेश के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS)-2023 की धारा 212, 217 और 233 के तहत मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस का आरोप है कि उसने झूठी कहानी गढ़कर पुलिस को गुमराह किया, सरकारी संसाधनों का दुरुपयोग किया और जांच एजेंसियों का कीमती समय बर्बाद किया.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement